मिर्जापुर। मोहम्मदपुर गुलड़िया ग्राम पंचायत में खड़ंजे पर अबैध कब्जा कर आवागमन और बरसाती पानी का निकास बंद कर देने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान दो महिलाओं सहित तीन लोग लहूलुहान हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया। वहीं घायलों को सीएचसी में भर्ती करवाया गया। गांव गुलड़िया निवासी रामबहादुर ने दर्ज करवाई रिपोर्ट में कहा है कि एक ही परिवार के दबंग पड़ोसी जयसिंह, वीरपाल व प्रदीप नेे अपने घर के सामने खड़ंजे पर अबैध कब्जा कर चबूतरा बना लिया। इससे आवागमन में बाधा होती है तथा बरसात के पानी का निकास भी बंद कर दिया है। विरोध करने पर पड़ोसी जयसिंह व वीरपाल सगे भाई तथा जयसिंह के पुत्र प्रदीप ने उसे लाठी डंडों और धारदार हथियारों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। दबंगों से बचाने आई पत्नी राजरानी व पड़ोसी रामसिंह की पत्नी सुशीला को भी पीटा। जिसमें वह दोनों घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी जयसिंह को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गए। घायलों का सीएचसी जरीनपुर में इलाज चल रहा है।