जलालाबाद। शनिवार देर शाम क्षेत्र के गांव सरखड़ा में विवाहिता का शव फ ंदे पर लटका पाया गया।। काफी देर तक परिजनों ने मामले को दबाए रखा। पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस गांव के सत्यपाल की शादी जनपद हरदोई के थाना टडिय़ावां के गांव शीतलगंज निवासी नंदलाल की लड़की फूलन से हुई थी बताते हैं कि शाम के समय कहासुनी हो जाने के बाद सत्यपाल घर से बाहर चला गया जबकि फूलन घर के कमरे में गई और दरवाजा अंदर से बंद कर साड़ी का फंदा बनाकर कुंडे से लटक गई। पता लगने पर घरवालों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा परंतु तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। फूलन की मौत से घरवालों के हाथ पांव फूल गए। वे लोग काफी देर तक मामले को दबाए रहे परंतु पता लगने पर किसी गांववाले ने पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद मृतका के मायकेवालों को भी घटना की जानकारी दी गई। देर रात वह लोग भी पहुंच गए।
हल्का के दरोगा सत्येंद्र सिंह ने बताया कि किसी बात से नाराज होकर फूलन ने घर के कमरे में फंदे पर लटक कर जान दी। जबकि फूलन के पिता नंदलाल ने बताया कि उसकी बेटी बीमार रहती थी, जिस कारण उसने आत्महत्या कर ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। मृतका के दस व आठ साल के दो लड़के हैं।