निगोही। लॉकडाउन के चलते जिला प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी है। बावजूद इसके जिले में वारदातें बढ़ती जा रही हैं। बुधवार रात निगोही कस्बे में थाने थाने के पास तिलहर विधायक रोशनलाल वर्मा के बेटे की वाइन शॉप का शटर उठाकर घुसे चोर नकदी समेत 90 हजार रुपये की शराब उड़ा ले गए। बृहस्पतिवार सुबह पता लगने पर एसपी सिटी और सीओ सदर ने मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया।
निगोही थाने के निकट भाजपा विधायक रोशनलाल वर्मा के बेटे सचिन वर्मा की अंग्रेजी शराब की दुकान की दुकान है। सचिन ने बताया सेल्समैन सुमित जायसवाल बुधवार शाम सात बजे दुकान बंद करके अपने घर चले गए। बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे निगोही कस्बे के ही रहने वाले धर्मेंद्र ने दुकान का शटर उठा होने की सूचना सचिन को दी। उन्होंने जाकर देखा तो दुकान का शटर खुला हुआ और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। दुकान की गोलक में रखे पांच हजार रुपये नकद और करीब 85 हजार रुपये कीमत की शराब गायब थी। इसका पता लगने पर निगोही थानाध्यक्ष इंद्रजीत भदौरिया ने मौके पर जा पहुंचे।
मौके पर पहुंचा डॉग स्क्वायड दुकान के सामने शाहजहांपुर- पीलीभीत मार्ग पर थाने के निकट खड़ी बस तक गया। मगर चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। फॉरेंसिक टीम ने दुकान के अंदर फिंगर प्रिंट लिए। सचिन वर्मा की दी तहरीर पर पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।