पुवायां। पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच फायरिंग हो गई लेकिन गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव कुंवरपुर जप्ती निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम साढ़े सात बजे वह चीनी मिल से गन्ना डालकर ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। गांव के कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। रंजिश के चलते चार लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और तमंचे से फायर कर दिया। उन्होंने किसी तरह भाग कर जान बचाई। इसके बाद आरोपियों ने दो और फायर किए लेकिन वह बच गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन आरोपी भाग निकले थे। वहीं, दूसरे पक्ष से गोविंद ने पुलिस को तहरीर देकर मनोज पक्ष के लोगों पर फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी, दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। किसी पक्ष की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।