शाहजहांपुर। छेड़छाड़ की रिपोर्ट वापस नहीं लेने पर दबंगों ने किशोरी के घर पर हमला कर उसके माता-पिता को पीटकर लहूलुहान कर दिया। मामले की तहरीर पर सदर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के दंपती ने बताया कि एक माह पहले रोजा क्षेत्र के एक युवक ने उनकी 14 वर्षीय बेटी के साथ छेड़छाड़ की थी। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी इसे वापस लेने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर बृहस्पतिवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे रोजा क्षेत्र के 14-15 लोग हाथ में लाठी-डंडा लेकर घर में घुस आए और उसे पीटना शुरू कर दिया। पत्नी बचाने आई तो उसे भी पीट दिया, इससे दोनों लहूलुहान हो गए। मोहल्ले के लोगों ने उन्हें बचाया। सदर इंस्पेक्टर किरनपाल सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। संवाद