पुवायां। महिला ने पति की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। महिला के पति की मौत 14 जनवरी को हुई थी। परिवार के लोगों ने इस संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी थी।
गांव ढकिया बुजुर्ग निवासी 22 वर्षीय शिवम की मौत 14 जनवरी को हो गई थी। पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया गया था। लखीमपुर के थाना पसगवां के गांव बढ़वारी निवासी निधि देवी बुधवार शाम कोतवाली पहुंची और बताया कि शादी के कुछ दिन बाद ससुराल के लोग दहेज में पांच लाख रुपये नकदी की मांग की करने लगे थे। पति का इस बात को लेकर परिवार के अन्य लोगों से झगड़ा होता था। 14 जनवरी को पति की परिवार के ही कुछ लोगों ने गला दबाकर हत्या कर दी और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया।
पति की मौत के कारण बदहवास होने के कारण वह कार्रवाई नहीं कर सकी। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि उन्हें तहरीर की जानकारी नहीं है। पता कराया जाएगा और जांच कर कार्रवाई की जाएगी।