पुवायां। बंडा के गांव महमूदपुर निवासी दिनेश की हत्या के मामले में पुलिस की शक की सुई नजदीकी लोगों के इर्द गिर्द घूम रही है। गांव से दो लोगों को थाने लाकर उनसे पूछताछ की गई। इसके अलावा मायके से घर आई दिनेश की पत्नी गीता देवी से भी पुलिस ने जानकारी जुटाई है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दिनेश की मौत सिर में गंभीर चोट से लगना पाया गया है।
गौरतलब है कि दिनेश कुमार की पत्नी गीता देवी घर में मामूली विवाद के बाद 10 जनवरी को अपने मायके पीलीभीत के गांव उदैयापुर चली गई थी। शाम को दिनेश खाना खाने के बाद अपने टीन शेड में सोने चला गया था। शनिवार दिन में 11 बजे तक उसके नहीं उठने पर मां ईश्वरवती देखने गई थीं तो दिनेश का खून से लथपथ शव चारपाई पर औंधे मुंह पड़ा मिला था। उसकी बाईं कनपटी के ऊपर गहरा घाव था। एएसपी अपर्णा गौतम ने मौका मुआयना कर बंडा के थाना प्रभारी को जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। दिनेश के पिता रामभजन की ओर से अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस का मानना है कि दिनेश की हत्या में उसके किसी नजदीकी का ही हाथ है। डॉग स्क्वाड भी सबसे पहले दिनेश के भाई सुरेंद्र और बाद में दूसरे भाई धर्मेंद्र के घर जाने के बाद दिनेश के भूसा भरे टीन शेड तक गया था। उधर, शनिवार को दिनेश की पत्नी गीता देवी का मोबाइल नॉट रिचेबल बताता रहा था। इसके बाद पुलिस शनिवार रात उदैयापुर जाकर गीता को थाने ले आई थी। उससे रविवार दिन भर पूछताछ की जाती रही। पोस्टमार्टम के बाद दिनेश का शव घर पहुंचा तो पुलिस गीता देवी को लेकर गांव पहुंची। इसके बाद दिनेश का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव के तीन जुआरी भी उठाए
बंडा। पुलिस दिनेश के गांव के तीन जुआरियों को भी पूछताछ के लिए लाई है। गांव के लोगों के अनुसार जुआरी गांव के बाहर जुआ खेलते रहते हैं और कोई काम नहीं करते हैं।
सभी पहलुओं पर जांच चल रही है। दिनेश की पत्नी से पूछताछ की गई थी अब उसे अंतिम संस्कार के लिए गांव लाया गया है, उससे अभी और पूछताछ की जाएगी। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
- राजेंद्र बहादुर सिंह, थाना प्रभारी बंडा