फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कड़ाके की ठंड में पांच घंटे मौके पर पड़े घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। नेशनल हाईवे से चांदापुर गांव की ओर जाने वाले रोड पर मुकुआपुर के पास हादसे का शिकार हुए साले-बहनोई करीब पांच घंटे मौके पर ही पड़े रहे। रात करीब एक बजे गश्ती पुलिस पहुंची, तब दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक दोनों की सांसे थम चुकीं थीं।
विज्ञापन

पुलिस बृहस्पतिवार रात करीब 1:15 बजे दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, तब डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वेदपाल की जेब से निकले मोबाइल से कॉल की तो निगोही के गांव ढकिया तिवारी निवासी बाबूराम ने रिसीव की। तब परिजन तक दोनों के मरने की सूचना पहुंची। ससुर बाबूराम के मुताबिक वेदपाल उर्फ अनिल अपने बहनोई राजीव के घर से लगभग 7:30 बजे बाइक से निकला था। साथ में मौसेरा साला बबलू भी था। मुकुआपुर तक पहुंचने में बमुश्किल 15 से 20 मिनट लगे होंगे। तभी उनकी बाइक किसी वाहन की चपेट में आ गई। बाइक चला रहे बबलू का सिर फट गया, जबकि वेदपाल के सीने में गुम चोटें आईं। हादसे के बाद दोनों कड़ाके की ठंड में मौके पर ही पड़े रहे। रात करीब एक बजे गश्ती पुलिस उधर से गुजरी, तब दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद वेदपाल के घर थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव महाऊ महेश और बबलू के घर थाना निगोही के गांव पचदेवरा सूचना पहुंची। समझा जा रहा है कि दोनों गन्ना भरे किसी ट्रॉला या ट्रॉली की चपेट में आ गए।
बच्ची को सही से दुलार भी नहीं पाया था अनिल
वेदपाल की पत्नी ने तीन दिन पहले ही जिला अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया था। वह संभलकर बेटी को दुलार भी नहीं कर पाया था कि इससे पहले हादसे में उसकी जान चली गई।
विज्ञापन

वेदपाल की मौत की सूचना सबसे पहले ससुर बाबूराम के पास पहुंची तो उन्हें पहली बार में विश्वास ही नहीं हुआ। फिर एक पल सोचा और वेदपाल के परिजनों को सूचना देने के साथ ही कहा कि नवजात बच्ची को जन्म देने वाली बिटिया रामशीला को उसके पति की मौत की खबर मत देना। वह पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाएगी। सुबह होते-होते रिश्तेदारों की भीड़ जुटी, लेकिन रामशीला को किसी ने कुछ नहीं बताया। अस्पताल से घर ले जाने के लिए उसकी छुट्टी करवा ली। रास्ते में एक महिला ने दूसरी से चर्चा की तो रामशीला के कानों तक भी बात पहुंच गई। पति की मौत की खबर सुनते ही वह बेहोश हो गई। बमुश्किल उसे होश में लाया गया। इसके बाद परिजन उसे दिलासा देते हुए घर ले गए। वेदपाल शहर में डॉ. आकाश के यहां कंपाउंडर थे। अनिल तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।
मौसरी बहन को देखने आया था मिली मौत
वेदपाल के साथ हादसे में मौत का शिकार हुए थाना निगोही के गांव पचदेवरा निवासी बबलू जिला अस्पताल में बहन को देखने आए थे। शाम को बहनोई अनिल ने कहा कि चलो चांदापुर स्थित बहन निरूला देवी के घर से खाना ले आते हैं। साथ में बबलू भी चला गया। लौटते समय दोनों हादसे का शिकार हो गए।
वाहनों की भिड़ंत में दो घायल
मिर्जापुर। जलालाबाद के गांव भुडिय़ा निवासी 45 वर्षीय शिवसरन वैन से ढाईघाट से जरियनपुर की ओर आ रहे थे। सुबह करीब 10 बजे जैसे ही चौरा रपटा के पास पहुंचे सामने से आई पिकअप से भिड़ंत हो गई। इसी बीच पिकअप के पीछे बोलेरो आ गई। दोनों वाहनों की भिड़ंत के दौरान बोलेरो चालक ने जैसे ही ब्रेक लिए, बोलेरो अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। इससे बोलेरो चालक जलालाबाद के गांव कंजा निवासी 38 वर्षीय जसकरन घायल हो गया। वहीं वैन चालक शिवसरन भी घायल हो गया। दोनों को मामूली चोटें आई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें