शाहजहांपुर/रोजा। टेंपो और स्कार्पियो की भिड़ंत में रविवार रात रोजा क्षेत्र में मोहम्मदी रोड पर मुकरमपुर के पास दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि मृतकों की मां समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई गई है। उसे जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया है।
रोजा थाना क्षेत्र के गांव सुतनेरा निवासी 27 वर्षीय विनोद कुमार के दोनों गुर्दे खराब हो गए थे। उनका नेशनल हाईवे किनारे स्थित एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। रविवार रात बीमार विनोद को साथ लेकर छोटा भाई 24 वर्षीय मनोज कुमार और मां धनदेवी दवा लेने जाने के लिए गांव के ही टेंपो पर बैठकर घर से निकले थे। रास्ते में रिश्तेदार की मोबाइल पर कॉल आ गई। उसने कह दिया कि विनोद को सुबह लेकर आना। इसके बाद वह लोग रास्ते में दियूरिया मोड़ से गांव के लिए वापस हो गए। रात करीब 10:45 बजे टेंपो मुकरमपुर के पास पहुुुंचा, तभी सामने से आई स्कार्पियो ने टेंपो में टक्कर मार दी, इससे टेंपो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार विनोद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई मनोज, 55 वर्षीय मां धनदेवी, टेंपो चालक 23 वर्षीय तस्लीम व गांव का 55 वर्षीय मुन्ने अली, 30 वर्षीय नन्हे घायल हो गए। घटना के बाद स्कार्पियो मौके पर छोड़कर चालक भाग गया। सूचना पर रोजा इंस्पेक्टर अशोक पाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में मनोज ने भी दम तोड़ दिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां गंभीर हालत में नन्हे को लखनऊ रेफर कर दिया गया।