मिर्जापुर। जलालाबाद-ढाईघाट रोड पर ग्राम जरीनपुर के पास टूटी पुलिया से ठेली टकरा जाने से युवक नीचे नाले में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई।
जरीनपुर ग्राम पंचायत के मजरा गंगानगर निवासी रामकुमार कश्यप फेरी लगाकर ठेली पर नान खटाई बिस्कुट बेचता था। रविवार रात करीब आठ बजे जलालाबाद-ढाईघाट रोड पर ग्राम जरीनपुर के पास टूटी पुलिया के नीचे नाले में ग्रामीणों ने ठेली पड़ी देखी। लोगों ने नाले में जाने के बाद ठेली उठाकर देखा तो राजकुमार की लाश पड़ी थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि रामकुमार के पांच बच्चे हैं। उसकी पत्नी डेढ़ साल पहले बच्चों को छोड़कर चली गई थी। रामकुमार की मौत से बच्चे अनाथ हो गए।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
मिर्जापुर। जरीनपुर गांव निवासी भाकियू के तहसील अध्यक्ष उदयवीर सिंह यादव ने दर्जनों किसानों के साथ जलालाबाद-ढाईघाट रोड की टूटी पुलिया का शीघ्र निर्माण करवाये जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। भाकियू नेता ने कहा कि कई बार पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से पुलिया का निर्माण करवाये जाने की मांग की गयी। मगर जनता की मांग को अनदेखा किया गया। टूटी पुलिया की वजह से राजकुमार की जान चली गई। जिससे उसके पांच मासूम बच्चे अनाथ हो गये हैं।