पुवायां (शाहजहांपुर)। बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार को दिनदहाड़े एक सराफ की दुकान से जेवरों भरा डिब्बा लूटकर ले गए। सूचना से पुलिस में खलबली मच गई। वारदात के बाद इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आए। पुलिस ने लूट की वारदात चोरी की धाराओं में दर्ज की है।
पुवायां के मोहल्ला देवस्थान निवासी विनोद कुमार की नगर के कटरा बाजार में सराफा की दुकान है। सोमवार सुबह विनोद कुमार ने लगभग नौ बजे दुकान खोली। उसी वक्त उनकी दुकान के सामने एक बाइक रुकी, जिस पर तीन बदमाश सवार थे। उनमें एक बदमाश बाइक पर बैठा रहा। जबकि दो बदमाश उतरकर दुकान के अंदर गए और विनोद कुमार से लाकेट में डालने के लिए सोने का ओम दिखाने को कहा। बदमाशों ने ओम लेने के बाद दो हजार रुपये का नोट दिया। विनोद जैसे ही पीछे मुड़े दोनों बदमाश दुकान में रखा जेवरों भरा डिब्बा उठाकर बाइक पर बैठकर भाग निकले।
विनोद कुमार ने शोर मचाया तो पड़ोसी दुकानदार प्रांशु आदि बाइक लेकर बदमाशों के पीछे दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश दूर निकल चुके थे। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई, जिससे खलबली मच गई। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी करके चेकिंग शुरू कर दी। मगर घंटों मशक्कत के बावजूद कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी। व्यापारी की सूचना पर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुधीर गुप्ता, व्यापार मंडल अध्यक्ष केके लील, मंगल मिश्रा, सराफा व्यापार मंडल अध्यक्ष शोभित अग्रवाल सहित तमाम व्यापारी मौके पर पहुंचे और घटना पर रोष जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों का शीघ्र पता लगवाए जाने की मांग की। व्यापारी की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार बदमाश जिस डिब्बे को ले गए उसमें सोने के पेंडिल रखे थे।
पुवायां। सराफा व्यापारी के यहां से जेवर लेकर भागने वाले बदमाश बेहद शातिर थे। उन्होंने वारदात को अंजाम देेने से पहले इलाके की रेकी की होगी। यह बात इससे साबित होती है कि सराफा बाजार में जिन दुकानों के बाहर सीसीटीवी लगे हैं, बदमाश उधर से निकले ही नहीं। चौराहे से उन्होंने अपनी बाइक उधर से भगाई जिधर सीसीटीवी नहीं लगे हैं। वारदात के बाद पुलिस ने तमाम दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। पुलिस ने फुटेज दिखाई तो अलग-अलग दो बाइकों पर सवार लोगों को व्यापारी ने संदिग्ध बताया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
विनोद कुमार की दुकान से सोने के पेंडिल चोरी हुए हैं। उनकी तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरों का पता लगाया जा रहा है।
- जसवीर सिंह, कोतवाली प्रभारी पुवायां