पुवायां। दहेज उत्पीड़न के दो मामलों में पुवायां और बंडा थाने में सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक मामले में पति सहित चार और दूसरे मामले में पति सहित तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुवायां के गांव हर्रैया जमीने गदाईसांडा निवासी मेवाराम की पुत्री अर्चना देवी ने एसपी को बताया कि उसकी शादी तीन वर्ष पूर्व खुटार के गांव नरौठा देवीदास निवासी मोहित के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद पति रोजगार करने के लिए मायके से दो लाख रुपये लाकर देने को कहने लगे। जानकारी पर पिता ने आकर उसके पति को समझाया लेकिन वह लोग दो लाख रुपये की मांग पर अड़े रहे। सास, ससुर पति ने उसके बेड के नीचे आग जलाकर उसे मारने का प्रयास भी किया। एक वर्ष पूर्व पति, सास, ससुर ने उसे घर से निकाल दिया। तबसे वह पिता के पास रह रही है। पुलिस ने पति मोहित, ससुर सुरेश और सास लौंगश्री के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
उधर, बंडा के गांव रसूलापुर देवकली के जितेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री शिखा देवी की शादी पांच वर्ष पूर्व बंडा के ही गांव देवकली निवासी सोनू के साथ की थी। शादी में उन्होंने सामर्थ के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन पुत्री के ससुराली दहेज में बाइक और जेवर की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर दामाद और पिता, मां और बहन पुत्री के साथ मारपीट करने लगे। पुत्री ने उसे प्रताड़ित किए जाने की जानकारी दी तो उसने दामाद और उसके परिवार के लोगों को समझाया लेकिन आरोपी दहेज की मांग पर अड़े रहे। तीन दिन पूर्व वह पुत्री को देखने गया तो उसे भी पीटाकर घायल कर दिया गया। बंडा पुलिस ने शिखा के पति सोनू, ससुर विजय बहादुर, सास और ननद के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।