तिलहर। लड़की को ढूंढने व आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित परिवार के लोगों के साथ बृहस्पतिवार को हिंदू संगठनों और महिलाओं ने थाने का घेराव करते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे के मद्देनजर सर्किल के सभी थानों का फोर्स बुला लिया गया। दोपहर बाद पहुंची एएसपी ग्रामीण अपर्णा गौतम ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी शाम को 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर वापस हो गए लेकिन परिवार के लोग थाने के पास बैनर लगाए डटे हुए हैं।
गौरतलब है कि नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक की लड़की मंगलवार की रात अपने पड़ोस में रहने वाली दोस्त साहिबा के घर गई थी लेकिन लौटी नहीं। पिता का आरोप है कि साहिबा उसके पति और उसके परिजनों ने लड़की का धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कर दिए जाने की बात कहकर उन्हें घर से भगा दिया। लड़की के पिता की तहरीर पर साहिबा सहित पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर दी गई। इस मामले में बुधवार को धरना प्रदर्शन समाप्त होने के बाद भी परिजन कोतवाली के बाहर धरने पर बैठे रहे।
बृहस्पतिवार सुबह तमाम महिलाएं थाने पहुंच गई और प्रदर्शन करते हुए जमकर हंगामा किया। इस बीच सर्किल की तमाम पुलिस थाने पहुंच गई। अतिरिक्त महिला पुलिस बल को भी बुला लिया गया। कोतवाली पहुंचे एसडीएम मोइन उल इस्लाम, पुलिस उपाधीक्षक मंगल सिंह रावत, कोतवाल सुनील अहलावत ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन प्रदर्शनकारी टस से मस न हुए। इस दौरान हिंदू संगठनों के भी तमाम कार्यकर्ता थाने पहुंच गए उन्होंने थाने गेट पर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की कि लव जिहाद नहीं चलेगा नहीं चलेगा।
दोपहर बाद एएसपी ग्रामीण अपर्णा गौतम कोतवाली पहुंची उन्होंने टीम की बैठक लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कई टीमें अलग अलग क्षेत्रों में रवाना की। एएसपी ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता करते हुए आंदोलन समाप्त करने को कहा। उन्होंने कहा कि पुलिस अपनी तरह से मामले की छानबीन में जुटी है आश्वासन दिया कि पुलिस शीघ्र ही लड़की तथा आरोपियों को ढूंढ निकालेगी।
एसपी ग्रामीण के समझाने बुझाने के बाद शाम करीब पांच बजे आंदोलनकारी संगठन के नेता 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर थाने से वापस चले गए लेकिन लड़की के पिता और उनके परिजन थाने के बाहर धरने पर बैठे रहे। उनका कहना है कि जब तक लड़की और आरोपियों की बरामदगी नहीं हो जाती तब तक वह आने से घर वापस नहीं जाएंगे।
पुलिस की चार टीमें खोजबीन में लगाई गई
एसपी ग्रामीण अपर्णा गौतम ने बताया कि पुलिस की चार टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में खोजबीन के लिए लगाई गई है उन्होंने उम्मीद जताई है घटना का शीघ्र पर्दाफाश किया जाएगा। बताया कि परिजनों को काफी समझाने बुझाने का प्रयास किया गया लेकिन वह कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हैं। पुलिस अपना काम कर रही है उम्मीद है कि परिणाम शीघ्र सामने आएंगे।
12 लोगों को पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने पर बुलाया
कोतवाली पुलिस ने दो दिनों में करीब 12 से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया है उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है आरोपियों के निकट संबंधी भी थाने पर बुलाए गए हैं। लेकिन पुलिस को अभी कोई पुख्ता सबूत नहीं मिल सके हैं।
एक सभासद की पत्नी और बच्चों को पुलिस ने लिया हिरासत में
पुलिस को लड़की भगाने के मामले में दो सभासदों के नाम प्रकाश में आए हैं जिसमें से एक सभासद की पत्नी और उनके बच्चों से मामले की पूछताछ कर रही है। अन्य कुछ महत्वपूर्ण लोगों से भी गोपनीय पूछताछ चल रही है लेकिन पुलिस इस बारे में कुछ भी बताने से इंकार कर रही है।
हाईवे जाम करने की चेतावनी
दोपहर अचानक आंदोलनकारी उग्र हो गए उन्होंने हाईवे जाम करने की चेतावनी दे डाली। इस दौरान पुलिस प्रशासन को भनक लगते ही पुलिस के हाथ-पैर फूल गए आनन फानन में और पुलिस फोर्स बुलाकर विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया। हाईवे पर पुलिस की विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई जिससे प्रदर्शनकारी हाईवे पर प्रदर्शन न कर सकें।