शाहजहांपुर। स्वामी चिन्मयानंद और छात्रा प्रकरण की जांच कर रही एसआईटी ने दोनों केस से जुड़े कुछ लोगों को बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन स्थित कार्यालय बुलाया, जहां संबंधित लोगों के दर्ज बयान पर दस्तखत कराए गए। वहीं एलएलएम में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं के बारे में जानकारी कर उनसे संबंधित अभिलेख भी एसआईटी ने कब्जे में लिए हैं।
पुलिस लाइन स्थित एसआईटी ने बृहस्पतिवार को एसएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अवनीश मिश्रा, एसएस लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय बरनवाल व केस से जुड़े कुछ अन्य लोगों को बुलाया गया। चूंकि एसआईटी केस से जुड़े ज्यादातर लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है और पेन ड्राइव में लीं गई वीडियो, कब्जे में लिए गए मोबाइलों फोरेंसिक लैब भेजने के साथ ही किस मोबाइल से कब-कब, कितनी-कितनी बात हुई उसका सीडीआर निकलवाकर उसको एसआईटी देख रही है। दर्ज बयानों का मिलान कर कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पर्चे काटने का काम हो रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में कुछ लोगों के दस्तखत कराए गए, क्योंकि जिन लोगों ने बयान दर्ज किए हैं उनके दस्तखत के साथ ही मोहर लगकर सील बंद लिफाफा प्रयागराज हाईकोर्ट को सौंपा जाएगा। कॉलेज प्राचार्र्यों से और भी कई बिंदुओं पर बात की। इसके अलावा एसएस लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय बरनवाल से एलएलएम की छात्रों की संख्या पूछने के साथ ही लॉ कॉलेज से संबंधित दस्तावेज भी एसआईटी ने मांगे, जिन्हें उन्होंने एसआईटी को सौंप दिए। चूंकि 23 सितंबर को हाईकोर्ट में इन दोनों ही मामलों की तारीख लगी है, इसलिए एसआईटी अब तक दर्ज किए गए बयानों की कड़ी से कड़ी मिलाकर केस डायरी तैयार करने में लगी है, ताकि सारे साक्ष्यों के साथ कोर्ट में वह अपनी रिपोर्ट दाखिल कर सके।