कलान (शाहजहांपुर)। कोतवाली क्षेत्र के टॉवर वाली गली में शनिवार रात बदमाशों ने बालिका को बंधक बनाकर बड़े बक्से बंद कर दिया और कमरे में रखी अलमारी से 30 हजार रुपये व जेवर निकाल ले गए। रात में बहन को बिस्तर पर न देख उसके छोटे भाई बहनों ने चीख पुकार मचा दी। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने बक्से में खटखटाहट सुन खोला तो छटपटाती बालिका को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची 100 डायल पुलिस ने बालिका को सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के टॉवर वाली गली निवासी प्रमोद गुप्ता शनिवार को हलवाई के काम पर गए थे। जबकि पत्नी घर में बच्चों को अकेला छोड़ दिल्ली में रिश्तेदारी में गई थी। घर पर 14 वर्षीय पुत्री खुशबू एवं चार छोटे बच्चेे अनुज, संजना, लक्ष्मी, करन थे। रात 10 बजे उसके घर में कुछ बदमाश जीने से नीचे आए और कमरों में रखा सामान खंगालने लगे। कमरे में आहट होते ही खुशबू जाग गई और शोर मचाने को हुई तभी बदमाशों ने लड़की को दबोच लिया और हाथ पैर बांधकर लोहे के बक्से में बंद कर दिया। बदमाश अलमारी से 30 हजार रुपये, एक चेन, एक जोड़ी कुंडल, एक सोने का टीका निकाल ले गए। रात में उसके छोटे भाई बहनों ने खुशबू को बिस्तर पर न देख शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर आसपास के लोग घर पर पहुंचे तो देखा की बक्से में खटखटाने की आवाज आ रही थी। उन्होंने बक्सा खोला तो देखा कि लड़की के हाथ पैर बंधे हुए थे और वह छटपटा रही थी। मोहल्ले वालों ने डायल 100 को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस खुशबू को स्वास्थ्य केंद्र कलान पर ले गए। कुछ देर बाद वहां डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सुबह घर लौटने पर प्रमोद को घटना की जानकारी हुई। उसने बताया चोर 30 हजार रुपये सहित करीब डेढ़ लाख का माल ले गए हैं। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। उधर, कोतवाल अनंतराम राव ने बताया अभी कोई तहरीर उन्हें नहीं मिली है। प्रथम दृष्ट्या घटना संदिग्ध लग रह है। फिर भी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।