अल्हागंज (शाहजहांपुर)। दरोगा को चकमा देकर खनन माफिया बालू से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली समेत शुक्रवार की देर शाम भाग गया। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है और उसके साथी को शांति भंग की धारा में गिरफ्तार कर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली है।
थाना क्षेत्र के गांव समापुर निवासी एक ग्रामीण क्षेत्र में अवैध खनन कराता है। कुछ पुलिसकर्मियों की मिली भगत से वह देर रात चोरी छुपे राम गंगा के किनारे से रेत खनन कर उसे ट्रॉली में भरकर क्षेत्र में सप्लाई करता है। कुछ लोगों से मिली सूचना के बाद दरोगा राजेश कुमार कुछ पुलिसकर्मियों के साथ उसे पकड़ने के लिए समापुर मोड़ पर नाकेबंदी कर दी। इस दौरान बालू भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के आगे खनन माफिया अपने साथी के साथ अपनी बाइक पर सवार होकर आता दिखाई दिया। जैसे ही पुलिस ने खनन माफिया को बाइक के साथ रोक उसको पकड़ने की कोशिश की वह झटका देकर अपने को छुड़ा लिया और मौके से भाग खड़ा हुआ। पुलिस उसकी बाइक कब्जे में लेने और उसके साथी उमेश निवासी समापुर को पकड़ने में सफल रही। इस बीच ट्रैक्टर ट्रॉली में रेत भर कर पीछे से आ रहा माफिया का भाई मौका पाकर ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर मौके से भाग निकला और गांव पूर्वी मंझा के पास पहुंच कर ट्रॉली से बालू गिरा दी। इसके बाद वह खाली ट्रैक्टर ट्राली लेकर फरार हो गया। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने खनन माफिया का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया था, जिसमें उन पुलिस कर्मियों के मोबाइल नंबर भी हैं जिनसे उसकी सेटिंग है। एसओ दिलीप कुमार यादव ने बताया कि खनन माफिया के साथी उमेश को शांतिभंग में गिरफ्तार कर उसकी बाइक को सीज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बालू सहित ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ में न आ पाने के कारण साक्ष्य के अभाव में आरोपी उमेश को शांतिभंग में गिरफ्तार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि खनन माफिया पर शिकंजा कसा जा रहा है। जल्द ही खनन कराने वाले गिरफ्तार होंगे। एसओ ने कहा कि खनन माफिया चालाकी से हर बार मौके से निकल जाता है। यही वजह है कि उस पर पहले से कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
अल्हागंज। क्षेत्र में रामगंगा किनारे से बालू खनन खूब होता है। रात के अंधेरे में करीब आठ खनन माफिया यहां धड़ल्ले से बालू खनन कराते है और जब भी पुलिस उन्हें पकड़ने का प्रयास करती है तो वह अपने को किसी तरह मौके से साफ बचा ले जाते हैं। करीब एक साल पहले बालू लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़ने के दौरान चालक मौका पाकर भाग निकला था। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर एक तालब में गिर गया था। इस पर खनन माफिया लामबंद होकर घटना पर पुलिस पर आरोप लगाने लगे थे। किसी तरह से मामला निपट सका था।
दरोगा को धक्का देकर बालू से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली सहित माफिया के भागने की जानकारी नहीं है। वह सीओ से इसकी जांच कराकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराएंगे। किसी भी में हालत में अवैध बालू खनन नहीं होने दिया जाएगा।
डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी