मदनापुर। विदा कराने आए पति से अनबन होने पर विवाहिता ने मायके में फंदे पर लटक कर जान दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
क्षेत्र के गांव हुकुम नगला निवासी परशुराम ने मार्च 2019 में बेटी 20 वर्षीय सरवती का विवाह हरदोई के थाना शाहाबाद क्षेत्र के गांव नवादा निवासी बबलू के साथ किया था। सरवती डेढ़ माह से अपने मायके हुकुम नगला में रह रही थी। रविवार सुबह बबलू पत्नी की विदा कराने के लिए आया। उसने पत्नी से घर चलने के लिए कहा, तो उसने मना कर दिया। इस बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद सरवती ने देर शाम घर के बाहर बाग में फंदे पर लटककर जान दे दी। रात करीब नौ बजे गांव के एक व्यक्ति ने सरवती को फंदे पर लटका देखा, तब परिवार वालों को जानकारी दी। शव को फंदे से नीचे उतारा गया। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने गांव पहुंचकर मामले की जानकारी की और शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं थानाध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद ने बताया कि सूचना के आधार पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, अभी किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।