जलालाबाद। करीब एक सप्ताह पहले गांव खंडहर में संदिग्ध हालात में पेड़ से लटके मिले किशोरी के शव मामले में एसपी के आदेश पर पुलिस ने पास के गांव के एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मालूम हो कि 23 अगस्त की सुबह चार बजे गांव खंडहर में एक किशोरी का शव उसके घर के पीछे कुछ कदम की दूरी पर स्थित बिरिया के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका मिला था। मृतका की मां ने गांव गौंटिया के प्रमोद पुत्र मूलहा पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। पीड़िता द्वारा एसपी से गुहार लगाई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी की हैंगिंग से मौत होना बताया गया था, जबकि उसकी स्लाइड बनाकर जांच हेतु भिजवाई गई थी। जिसकी रिपोर्ट अभी आना बाकी है। कोतवाल रवि कुमार ने बताया कि इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।