तिलहर। नशेड़ी पति से तंग आकर महिला अपने दो मासूम बच्चों को लेकर पड़ोसी किरायेदार के साथ घर से भाग निकली लेकिन रास्ते में प्रेमी ने उसे धोखा दे दिया। उसका सौदा एक बूढ़े से कर दिया। जानकारी होने पर महिला ने पुलिस से गुहार लगाई। पुलिस अब आरोपियों की तलाश के साथ ही, गाजियाबाद में रह रहे उसे पति से संपर्क किया है।
जनपद गाजीपुर के थाना सहोवल के गैंग रेतीपुर निवासी युवती की शादी उसके ही जिले के एक गांव निवासी युवक के साथ पांच वर्ष पहले हुई थी। शादी के बाद से वह गाजियाबाद में नौकरी कर रहे पति के साथ गाजियाबाद में रह रही थी। इस दौरान उसके दो बच्चे हुए। जिनमें बेटा ढाईसाल का और बेटी पांच माह की है। महिला का आरोप है कि पति उसे शराब पीकर आए दिन पीटता रहता था। पति की हरकतों से तंग थी। इसी कमजोरी का फायदा उठाते हुए उसके पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उसे दिलासा देते हुए नजदीकियां बढ़ा लीं और बाद में उसने शादी का झांसा देकर उससे संबंध बना लिए। 17 अगस्त को वह गाजियाबाद से प्रेमी के साथ भाग निकली। साथ में उसने दो मासूम बच्चों को भी ले लिया। प्रेमी उसे अपने गांव रामचंद्र मिशन क्षेत्र में न ले जाकर तिलहर में अपने एक रिश्तेदार के यहां ले गया। जहां उस परिवार की महिला ने बताया कि तेरा प्रेमी एक आंख वाले बूढ़े से तेरा सौदा कर दिया है। इसके बाद महिला डर गई। कुछ देर बाद प्रेमी शराब के नशे में आया और उसने उसकी पिटाई कर दी। तब फिर पीड़ित महिला ने उस घर की महिला की मदद से पुलिस को सूचना दी। तब फिर पुलिस उसे थाने ले आई और उसकी आपबीती सुनने के बाद उसे न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
महिला के मिलने के बाद गाजियाबाद पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला का सौदा हो रहा था या हो गया था। इस मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
राकेश मिश्रा, सब इंस्पेक्टर तिलहर