पुवायां। बुधवार रात एसडीएम और सीओ के आवास पर हमला करने के मामले में सीओ प्रवीण कुमार के हमराह गनर सोनू बालियान की ओर से 20 लोगों को नामजद करते हुए 32 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार कर चालान भेजा है। हमलावरों का ट्रैक्टर ट्रॉली सीज कर दिया गया है।
गांव इमलिया में राजवीर चारागाह की भूमि पर भवन निर्माण करा रहा था। गांव के लोगों ने मामले की शिकायत अधिकारियों से की थी। इस पर लेखपाल को 14 अगस्त की सुबह मौके पर भेजा गया था। लेखपाल ने निर्माण कार्य बंद करने को कहा, लेकिन राजवीर ने इंकार कर दिया था। इसके बाद कानूनगो पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे और काम बंद करा दिया था। इसी खुन्नस में राजवीर, पल्लू सहित लगभग 30 महिला, पुरुष लाठी डंडे लेकर गांव के ही अवधेश की ट्रैक्टर ट्रॉली से पास स्थित एसडीएम और सीओ आवास पर जा पहुंचे थे और गाली गलौज करते हुए मुख्य द्वार तोड़ने का प्रयास किया था। मौके पर मौजूद गार्डों ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ हाथापाई करते हुए पीटने का प्रयास किया गया था। घटना के समय सीओ और एसडीएम खुटार में थे।
इस मामले में सिपाही सोनू बालियान ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह सीओ पुवायां के हमराह गनर के रुप में तैनात है। पुवायां के मोहल्ला आनंद वाटिका में सीओ और एसडीएम का आवास एक ही परिसर में है। 14 अगस्त को वह फालोवर प्रमोद कुमार, होमगार्ड आशाराम, एसडीएम का फालोवर नन्हें आदि गेट पर बैठे थे। रात साढ़े सात बजे एक ट्रैक्टर ट्रॉली गेट के सामने रुकी। ट्रॉली से 25 से 30 महिला और पुरुष उतरे और एसडीएम के खिलाफ अभद्र शब्दों का प्रयोग करने लगे। भीड़ में शामिल लोग मेन गेट को लात मारकर और धक्का देकर खोलने का प्रयास करने लगे। धक्के से गेट खुल गया। उसने होमगार्ड, फालोवर आदि की मदद से गेट को बंद करने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उन लोगों से भी गाली गलौज की और पथराव कर दिया।
आरोपियों ने उन लोगों के साथ हाथापाई भी की। उसने बमुश्किल गेट बंद किया। हमलावरों के इस कृत्य से पास में ही आवासीय कालोनी में रहने वाले परिवारों में भी भय व्याप्त हो गया और सभी ने डर के कारण अपने दरवाजे बंद कर लिए। मौके पर काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल हो गया। इस बीच सूचना पाकर कोतवाली से पुलिस मौके पर पहुंची और उत्तेजित भीड़ से उन लोगों को बचाया। गांव इमलिया निवासी पल्लू, राजवीर, अवधेश और कांशीराम को मौके से ही पकड़ लिया गया। पकड़े गए लोगों ने बताया कि उनके साथ गांव के ही रामऔतार, पुत्तूराम उर्फ पप्पू, रक्षपाल, चंद्रपाल, श्रीराम, पल्लू की पत्नी रत्ना देवी, कांशीराम की पत्नी रोमी देवी, चंद्रपाल की पत्नी, श्रीराम की पत्नी, झब्बू, मनसुख, रामकिशन पुत्र गंगाधर, अजय, मुल्ला, रामकिशन पुत्र अनंतराम, मुकेश और 10-12 व्यक्ति थे जो मौके से भाग गए हैं। पुलिस ने धारा 147, 353, 336, 506 और 7 क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
यह लोग भेजे गए जेल
पुवायां। एसडीएम, सीओ आवास पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने पल्लू, राजवीर, अवधेश, कांशीराम, पुत्तूराम, रक्षपाल, मनसुख, राजीव, राजू को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।