सिंधौली । बिजली चले जाने पर सिंधौली में ट्रांसफार्मर का फ्यूज ठीक करने को लेकर यादवों और पंडितों के बीच बवाल हो गया। इसकी सूचना मिलने पर सिंधौली पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिस के मोर्चा संभालने पर आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के 50 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है, जिसमें आठ लोगों को नामजद किया गया है।
यह वारदात शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुई। गांव ददियूरा में ट्रांसफार्मर का फ्यूज खराब हो गया था, जिससे गांव के एक इलाके की बिजली चली गई थी। वहीं के पंडित पक्ष के सतीश के कहने उनका भतीजा फ्यूज ठीक कर रहा था। उसी दौरान दूसरे इलाके की बिजली गायब हो गई। इस पर बलवीर यादव पक्ष के लोगों ने विरोध किया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने अपने घरों की छत से एक-दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे गांव में दहशत फैल गई। इसका पता लगने पर सिंधैली थाने के दरोगा स्वामीनाथ पुलिस टीम के साथ मौके पर जा पहुंचे। थाने की गाड़ी देखकर ग्रामीणों ने पुलिस के ऊपर फायरिंग कर दी, जिससे पुलिस वाले बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मोर्चा संभालने के बाद हमलावरों को ललकारा। तभी पकड़े जाने के डर से फायरिंग कर रहे लोग मौके से भाग गए। दरोगा स्वामीनाथ की और से ग्रामीणों के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा, धारा 144, लॉकडाउन का उल्लंघन और 7 क्रिमनल लॉ अमेंडमेंट के तहत 40-50 रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें यादव पक्ष के बलवीर, वंश बहादुर और पंडित पक्ष के पंकज, सतीश, सुदेश, नीरज, हरिनंदन उर्फ लाला, परमाल को नामजद किया गया है। हालांकि बाद में कुछ नेताओं ने बीच में पड़कर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। कोतवाल जग नारायण पांडे ने बताया दोनों पक्षों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था। कुछ संभ्रांत लोगों के द्वारा दोनों पक्षों में सुलह समझौता करा दिया गया है।
बाइक खड़ी करने को लेकर मारपीट, तीन घायल
तिलहर। गांव ढकिया शोभा निवासी राजेश सिंह ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम वह अपने घर के बाहर बैठा था। उसकी बाइक घर के बाहर खड़ी थी। तभी गांव का नन्हें ट्रैक्टर-ट्राली लेकर वहां पहुंचा और बाइक हटाने को कहते हुए गालियां देने लगा। इस पर राजेश ने अपनी बाइक हटा ली। इसके बाद नन्हे अपने घर चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद नन्हे अपने भाई पिंकू, कुणाल और रूपेंद्र लाठी-डंडे और असलाह लेकर घर में घुस गए। हमलावरों ने राजेश की मां और पत्नी को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। राजेश की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।