खुटार (शाहजहांपुर)। होमगार्ड से गाली गलौज करने और हॉकी लेकर दौड़ाने वाले के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पहले से ही नेताओं के दबाव में काम कर रही पुलिस ने इस मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराएं नहीं लगाकर मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
गावं नवाजपुर निवासी मुन्नू शुक्ला ने पुलिस को बताया कि वह होमगार्ड है और वर्तमान में खुटार के मुख्य चौराहे पर तैनात रहकर ड्यूटी करता है। 18 जुलाई को साथी होमगार्ड कृष्ण कुमार अवस्थी के साथ ड्यूटी कर रहा था। दोपहर ढाई बजे बंडा रोड की ओर से एक कार आई। उसके चालक ने रोड के किनारे खड़े टैंपो में टक्कर मार दी। और कार चालक टैंपो चालक से विवाद करने लगा। शोर शराबा होने वह अपने साथी होमगार्ड के साथ मौके पर गया तो चालक कार से उतर कर उन लोगों से भी गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर हाथापाई कर दी और कार से हॉकी स्टिक निकालकर उसे मारने की नियत से दौड़ा लिया।
कार चालक ने गांव दिउरिया झदिया निवासी संतोष सिंह को पकड़ने का प्रयास किया। आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला। संतोष सिंह कार को मौके पर ही छोड़ गया। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर उसे सीज कर दिया है, लेकिन कार चालक के पक्ष में तमाम नेताओं के फोन आने से पुलिस बैकफुट पर आ गई और होमगार्ड की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा की धाराएं लगाने की जरूरत ही नहीं समझी। संतोष सिंह के खिलाफ मात्र 323, 504, 506 में ही रिपोर्ट दर्ज की गई है।