जलालाबाद (शाहजहांपुर)। गाजियाबाद से बृहस्पतिवार रात बुकिंग कर लाई गई आर्टिका कार को दो बदमाशों ने चालक को पीटकर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला नाथ के पास कार को लूट कर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस बदमाशों की तलाश में घटनास्थल से लेकर काफी दूर तक कांबिंग की लेकिन बदमाश हत्थे नहीं चढ़े। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
जनपद गाजियाबाद के इंदिरापुरम कॉलोनी के वसुंधरा सेक्टर निवासी सुरेंद्र सैनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार को गाजियाबाद में मिले एक व्यक्ति में उसे बताया कि वह शाहजहांपुर के गांव नगला नाथ का निवासी है। उसे गांव से कुछ लोगों को यहां लेकर आना है जिसके लिए उस व्यक्ति ने उसकी आर्टिका गाड़ी किराये पर तय कर ली। बताया कि गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह दोनों नगला नाथ पहुंच गए। चालक ने बताया कि इस गांव में एक अन्य व्यक्ति मिला और दोनों से उसने कुछ दूरी पर स्थित दूसरे गांव चलने को कहा जैसे ही वह लोग उस गांव से थोड़ा आगे निकलकर सुनसान इलाके में पहुंचे तभी एक ने तमंचा निकालकर उसकी कनपटी पर रख दिया और चुपचाप नीचे उतर जाने को कहा। जब उतरने से मना किया तभी उन दोनों ने उसे दबोच लिया और बुरी तरह पीटते हुए एक बदमाश ने गाड़ी अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद कुछ दूर आगे चलती गाड़ी से नीचे फेंककर दोनों बदमाश गाड़ी लेकर भाग गए।
बाद में किसी तरह कोतवाली पहुंचे चालक ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। लूट की घटना से सकते में आई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की परंतु कोई नतीजा नहीं निकला। कोतवाल चंद्र प्रकाश शुक्ला ने बताया कि घटना में शामिल दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई है।