शाहजहांपुर। ट्रेन से यात्री को गिराने के मामले में आरोपी फौजी के खिलाफ जीआरपी थाने में जानलेवा हमले के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घायल यात्री का सामान देर रात तक प्लेटफॉर्म पर ही पड़ा रहा।
सोमवार को गुवाहाटी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे बिहार के माधवानी जिले के दोषपुर गांव निवासी मोहम्मद जाकिर हुसैन को एक फौजी ने लात मारकर ट्रेन से गिरा दिया था, जिससे जाकिर के पैर बुरी तरह जख्मी हो गए। जाकिर को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है, लेकिन जहां पर वह ट्रेन से गिरे प्लेटफार्म पर उसी स्थान पर उनका सामान लावारिस पड़ा रहा। जीआरपी ने सामान को उठाकर थाने में रखवाने की जरूरत भी नहीं समझी। जिस पर जीआरपी उपनिरीक्षक कुलदीप कठेरिया का कहना है कि यात्री के पास किसी तरह का सामान था तो उसे तुरंत ही उठवा लिया गया होगा। घटना के तुरंत बाद ही घायल को जिला अस्पताल भिजवा दिया था। वहीं यात्री को धक्का देने वाले फौजी त्रिलोक सिंह निवासी खटीमा के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी त्रिलोक सिंह अर्द्ध सैनिक बल में लायंस नायक है। वह छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर सिंचर असम जा रहा था।