शाहजहांपुर। शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती युवती से कंपाउंडर से छेड़छाड़ कर दी। इस पर गुस्साए युवती के परिवार वालों ने जमकर हंगामा किया और कंपाउंडर की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी कंपाउंडर को पकड़ लिया और कोतवाली ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी।
चौक कोतवाली क्षेत्र के अंटा रोड पर डॉ. एमए खान का अस्पताल है। जहां पिछले करीब एक सप्ताह से चौक कोतवाली क्षेत्र में एक युवती का इलाज चल रहा था। तबियत बिगड़ने पर बुधवार देर शाम युवती को डॉ. एमए खान अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। जहां उसे ड्रिप लगाई जा रही थी। पिता ने बताया कि मरीज को देखने के बहाने कंपाउंडर छेड़छाड़ करने लगा। परेशान होकर युवती ने कंपाउंडर की हरकतों के बारे में पिता को बताया। बेटी की बात सुनकर पिता के गुस्से का पारा चढ़ गया। उन्होंने फोन करके अपने परिवार व रिश्तेदारों को बुला लिया, जिसके बाद जमकर हंगामा किया। परिजन युवती की छुट्टी कराकर घर ले गए। इस घटना का पता लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को पकड़कर अपने साथ कोतवाली ले गई। पुलिस देर शाम तक मामले की छानबीन करती रही। डॉ. एमए खान ने बताया कि युवती को कमजोरी होने की वजह से ग्लूकोज चढ़ाया जा रहा था। उसके साथ पिता और भाई मौजूद थे। कंपाउंडर मरीज को इंजेक्शन लगाने गया था। तभी पिता ने युवती से छेड़छाड़ करने का आरोप कंपाउंडर पर लगाया। डॉ. के कई बार पूछने पर युवती कुछ बोली नहीं। उसके पिता ने अपने लोगों को बुलाकर हंगामा शुरू कर दिया। उन लोगों ने कंपाउंडर को पीटा भी।
यूपी 100 पुलिस एक युवक को पकड़कर लाई है। अभी इस मामले मेें कोई तहरीर नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है।
प्रवेश सिंह, इंस्पेक्टर चौक कोतवाली