शाहजहांपुर। रोजा आईटीआई क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबले में शाहजहांपुर वेटरन ने डायमंड क्रिकेट अकादमी को 25 रनों से हरा दिया। शानदार बल्लेबाजी करने वाले इरफान रजा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए शाहजहांपुर वेटरन की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 187 रन बनाए। टीम की ओर से इरफान रजा ने 70 रनों की शानदार पारी खेली। रजा हुसैन ने 35 और इमरान पठान ने 25 रनों का योगदान दिया। डायमंड क्रिकेट अकादमी की ओर से स्वर्णिम ने तीन और जतिन ने दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डायमंड क्रिकेट अकादमी की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 162 रन ही बना सकी। टीम की ओर से सौरभ ने 46 और मोनू ने 24 रन बनाए, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। शाहजहांपुर वेटरन की ओर से हिमांशु और आमिर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि रविंदर और इमरान को एक-एक विकेट मिला। इस तरह शाहजहांपुर वेटरन ने 25 रनों से मुकाबला जीत लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए इरफान रजा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। संवाद
अनुराग के शतक से झंडा क्लब ने दर्ज की जीत
शाहजहांपुर। कैंट स्थित मैदान पर खेले गए क्रिकेट मैच में झंडा क्लब ने शाह क्लब को चार विकेट से हराकर जीत दर्ज की। अनुराग ठाकुर की शानदार शतकीय पारी मैच का मुख्य आकर्षण रही।
पहले बल्लेबाजी करते हुए शाह क्लब की टीम ने 37 ओवर में नौ विकेट खोकर 319 रन बनाए। टीम की ओर से अनुज यादव ने 81, दीपक राजपूत ने 64, मधुर ने 54 और अनिरुद्ध वर्मा ने 37 रनों की पारी खेली। झंडा क्लब की ओर से कार्तिक और अनुराग मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि विपिन वर्मा को दो विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी झंडा क्लब की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के कप्तान रेहान खान एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद मोहम्मद अहद ने 68 और कार्तिक ने 79 रन बनाकर टीम को संभाला। अनुराग ठाकुर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 128 रन बनाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
झंडा क्लब ने 30 ओवर में छह विकेट खोकर 320 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। शाह क्लब की ओर से अमन सक्सेना ने दो विकेट हासिल किए। अनुराग ठाकुर की शतकीय पारी और कार्तिक व मोहम्मद अहद के उपयोगी योगदान से झंडा क्लब ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। संवाद