शाहजहांपुर। रेलवे ने 12 सितंबर से 80 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है। इनमें चार जोड़ी ट्रेनों का ठहराव शाहजहांपुर में है। इनमें पहली ट्रेन रविवार को 45 मिनट देर से शाहजहंपुर स्टेशन पहुंची। ट्रेन में बैठने से पहले यात्रियों के टिकट और स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान लोगों से मास्क लगाने की अपील की गई।
कोविड-19 की वजह से यात्री ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। बाद में लोगों की सहूलियत के स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया। जून में रेलवे ने जहां 200 स्पेशल ट्रेनें चलाई थी, उनमें से सिर्फ चार का स्टॉपेज ही शाहजहांपुर में हो रहा है। वहीं 12 सितंबर से 80 स्पेशल ट्रेनें और चलाने की घोषणा कर दी गई, इनमें से चार जोड़ी ट्रेनें शाहजहांपुर में ठहरेंगे। इनमें गुवाहाटी, किसान, लखनऊ मेल डुप्लीकेट और डिब्रूगढ़ दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों का संचालन शनिवार 12 सितंबर से शुरू हो गया और रविवार को पहली ट्रेन किसान एक्सप्रेस शाम 07:07 बजे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन से 10 यात्री स्टेशन पर उतरे। जबकि स्टेशन से गंतव्य स्थान को जाने के लिए 37 यात्रियों ने रिजर्वेशन करवाया था, जिनमें से 30 लोग ही स्टेशन पहुंचे। जिनकी स्टेशन परिसर में थर्मल स्क्रीनिंग और टिकट की जांच रेल अधिकारियों द्वारा की गई। पूरी तरह से संतुष्ट होने के बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति दी गई।
यात्रियों को करना पड़ा 45 मिनट तक इंतजार
- किसान एक्सप्रेस के आने का समय शाम 06:36 बजे का था। लेकिन ट्रेन 07:07 बजे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंची। मालगाड़ी को पास कराने की वजह से ट्रेन 45 मिनट देरी से आ सकी। इस बीच यात्रियों को प्लेटफार्म पर ही ट्रेन के आने का इंतजार करना पड़ा।
प्लेटफॉर्म पर नहीं चले पंखे
- एक तो ट्रेन 45 मिनट देरी से स्टेशन पर पहुंची, ऊपर से प्लेटफॉर्म पर पंखों को भी नहीं चलाया गया। जिसकी वजह से यात्रियों को गर्मी में परेशान होते देखा गया। रेल अधिकारियों से प्लेटफॉर्म के पंखे चलवाने के लिए कहा भी गया, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
ट्रेन में बिना मास्क बैठै नजर आए यात्री
- रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को मास्क लगाने के लिए अपील की जाती रही, लेकिन ट्रेन पर यात्रा करने वाले बगैर मास्क के बैठे नजर आए। ट्रेन में यात्रियों के बीच सामाजिक दूरी भी नहीं थी। जनरल डिब्बे में सामान्य दिनों की तहर यात्री बैठे दिखाई दे रहे थे।
पानी भरने के लिए ट्रेन से उतरे यात्री
- कोविड-19 के चलते स्पेशल ट्रेनों को चलाया जा रहा है, जिसमें यात्रा करने वाले यात्रियों को रिजर्वेशन करवाना जरूरी है। लेेकिन उनके खाने-पीनेे की व्यवस्था उन्हें खुद करनी होती है। ट्रेन में लंबी यात्रा करने वाले यात्री प्यास की वजह से परेशान थे। जैसे ही ट्रेन स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर रुकी तमाम यात्री अपनी बोतले लेकर ट्रेन से उतरकर पानी की तलाश करने लगे। ट्रेन अपने दो मिनट के स्टॉपेज के बाद चल दी, तो पानी भरने उतरे यात्री खाली बोलते लेकर ही अपनी बोगी की ओर भाग खड़े हुए।
ट्रेन के आने पर आरपीएफ व जीआरपी ने की गश्त
- ट्रेन के शाहजहांपुर स्टेशन पर आते ही आरपीएफ और जीआरपी के जवान सक्रिय हो गए। उन्होंने प्लेटफॉर्म की गश्त की और ट्रेन से उतरने वाले व चढ़ने वाले यात्रियों को मास्क लगाने के लिए निर्देशित किया। इस बीच पानी लेने उतरने वालों को ट्रेन में बैठे रहने के लिए भी कहा गया। टीटीई व रेल के अन्य अधिकारी भी स्टेशन का निरीक्षण करते नजर आए।
आज आएंगी अन्य ट्रेनें
- कोविड-19 स्पेशल ट्रेनों में लखनऊ मेल, अवध आसाम एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़ दिल्ली स्पेशल व किसान एक्सप्रेस का स्टॉपेज शाहजहांपुर में रहेगा। इनमें से किसान एक्सप्रेस रविवार शाम को आई, जबकि अवध आसाम व लखनऊ मेल सोमवार केे आएंगी। डिब्रूगढ़ दिल्ली स्पेशल ट्रेन सप्ताह में एक दिन बृहस्पतिवार को आएगी।
यात्रियों की बात::::
- मैं पुणे में जॉब करता हूं और वहीं जा रहा है। पिछले दिनों ही अपने परिवार के पास आया था। स्पेशल ट्रेन के चलने पर वापसी के लिए उसी पर रिजर्वेशन करवा दिया था। ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू कर देना चाहिए। - अखिल दीक्षित
- ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाना जरूरी है। तभी व्यवस्था फिर से पटरी पर आएगी। स्पेशल ट्रेनों के चलने से लोगों को काफी सहूलियत हुई है। लेकिन अभी सभी रूटों पर ट्रेनों का संचालन नहीं हो रहा है। विंडो टिकट भी मिलना चाहिए। - वसीम
- वह मिश्रीपुर में अपने रिलेशन में आए थे। अब मुरादाबाद जा रहे है। मुरादाबाद से आने पर बस द्वारा आना पड़ा था, जब स्पेशल ट्रेन चलने पर रिजर्वेशन कराने के बाद सीट मिल गई है। बस की अपेक्षा ट्रेन से यात्रा करना ज्यादा सेफ होता है। - मो. लुकमान
- जॉब के सिलसिले में आना जाना लगा ही रहता है। वह आंवला जा रहे हैं। लॉकडाउन के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू होना अच्छी बात है। सभी तरह की ट्रेनों का संचालन शुरू कर देना चाहिए। लोगों को खुद ही अपनी चिंता करनी चाहिए। - निमिष गुप्ता
स्पेशल ट्रेनों में किसान एक्सप्रेस रविवार शाम को स्टेशन पर आई। जिसमें 37 यात्रियों ने रिजर्वेशन करवाया था, उनमें से 30 लोग यात्रा करने के लिए स्टेशन आए। वहीं शाहजहांपुर आने वाले यात्रियों की संख्या 10 रही। सोमवार केे भी स्पेशल ट्रेनों का आगमन होगा। - एके गौतम, स्टेशन अधीक्षक शाहजहांपुर।