शाहजहांपुर। कोरोना संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए बनाई गईं टीम-11 की सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान कोविड अस्पतालों में भर्ती संक्रमित मरीजों से गंदगी और भोजन की खराब गुणवत्ता को लेकर मिलीं शिकायतों को डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने गंभीरता से लेते हुए जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एयूपी सिन्हा से जवाब तलब किया है। साथ ही गंदगी के निस्तारण को सफाई कर्मचारियों और मरीजों की देखभाल के लिए नर्सिंग स्टाफ बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में डीएम ने कलक्ट्रेट में स्थापित कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पर मरीजों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा में पाया कि अधिकांश संक्रमितों ने अपने बेड के पास और अस्पताल पसिर में गंदगी व खराब भोजन देने की शिकायतेें की हैं। समीक्षा से पता चला कि कोविड सेंटर पर ड्यूटी कर रहे अधिकारी हर घंटे औसतन दस-दस मरीजों से बात करके उनसे स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं लेकिन गंदगी के निस्तारण और भोजन की गुणवत्ता पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। डीएम ने इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करके सीएमएस डॉ. सिन्हा को लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा है। समीक्षा में यह भी सामने आया कि 217 मरीजों की कांटेक्ट ट्रेसिंग (मरीजों से हुई बातचीत का विवरण) पोर्टल पर नहीं दिख रहा है। डीएम ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, बीएसए और वाणिज्य कर उपायुक्त को रोजाना पोर्टल पर दर्ज विवरण देखकर अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से रोजाना संबंधित थानाध्यक्ष और एसडीएम को भी कांटेक्ट ट्रेसिंग का विवरण उपलब्ध कराया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त श्री संतोष शर्मा, एडीएम राम सेवक द्विवेदी व गिरिजेश कुमार चौधरी आदि अधिकारी उपस्थित रहे।