मीरानपुर कटरा। कोर्ट के आदेश पर एक युवक ने सात लोगों के खिलाफ भाई केे अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी के गांव शिवपुरी निवासी मोहम्मद रेहान बताया कि उसका छोटा भाई इश्तियाक गाजियाबाद में पोस्ट ऑफिस में संविदा पर पोस्टमैन के पद पर तैनात था। उसके भाई को गांव मदनापुर निवासी एक महिला ने गाजियाबाद में जाकर उसके भाई को प्रेम जाल में फंसा लिया। पांच जून 2019 को भाई बहन की शादी निपटाकर 10 जून को घर से गाजियाबाद जाने की बात कहकर इश्तियाक गाजियाबाद के लिए निकल गया, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। तब उसने थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी। 16 जुलाई को गांव के अशफाक और साबिर जैतीपुर क्षेत्र के गांव अमईपुरसड़ा जा रहे थे, तो उन लोगों ने देखा कि रास्ते में राम सिंह, रामकिशन, दरोगा, विमला, वेदपाल, मुनेश, अशोक कुमार उसके भाई को सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार में बैठा रहे थे। उसे आशंका है कि उसके भाई का षड्यंत्र करके अपहरण कर लिया गया है। उसके साथ अनहोनी होने की आशंका है। पुलिस ने उसकी नहीं सुनी। थक-हार कर उसे अदालत की शरण लेनी पड़ी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।