फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दंपती और दो बच्चों की मौत

विज्ञापन
निगोही के अरुण की पत्नी सीमा देवी का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
विज्ञापन
पुवायां (शाहजहांपुर)। शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर पुवायां थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा मैनारी ओवरब्रिज के पास बोलेरो गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार निगोही के मोहल्ला रामनगर बगिया निवासी अरुण कुमार उर्फ कन्हैया (40), अरुण की पत्नी सीमा देवी (35), बेटी दीक्षा (8) और बेटे नैतिक (6) की मौत हो गई। परिवार में सिर्फ 13 वर्षीय बेटी प्रांशी बची है। एक साथ चार शवों को देखकर परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए।
विज्ञापन

अरुण की ससुराल पुवायां के गांव सिरखिड़ी में है। ससुर गोपी के परिवार के नरेश कुमार के पुत्र सर्वजीत की 28 अप्रैल को शादी थी। अरुण अपनी पत्नी और बच्चों के साथ शादी में शामिल होने के लिए 28 अप्रैल को सिरखिड़ी आए थे। बृहस्पतिवार को वह पत्नी, बच्चों सहित वापस घर जा रहे थे।
गांव भूड़ा मैनारी ओवरब्रिज के पास साइड रोड पर उतरते समय उनकी बाइक में एक बोलेरो गाड़ी की टक्कर लग जाने से दंपती और दोनों बच्चे गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। चालक बोलेरो को मौके पर ही छोड़कर भाग गया।
विज्ञापन

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को पुवायां सीएचसी भिजवाया। सीएचसी पर चारों को मृत घोषित कर दिया गया। अरुण की एक पुत्री प्रांशी घर पर है। अरुण राजमिस्त्री का काम कर परिवार की गुजर करते थे। वह हेलमेट नहीं लगाए थे। अरुण की मौत की जानकारी घर पहुंची तो पिता राकेश, मां उर्मिला देवी, पुत्री प्रांशी और अरुण के दो भाई बिलख उठे। भाई और पिता निगोही से शाहजहांपुर रवाना हो गए।

गांव भूड़ा मैनारी ओवरब्रिज के पास बाइक और बोलेरो गाड़ी टकरा जाने से दंपती और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। जांच करवाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-भंवरे दीक्षा अरुण, एसपी ग्रामीण

जरा-सी जल्दबाजी से उजड़ गया पूरा परिवार
पुवायां (शाहजहांपुर)। हाईवे पर जरा-सी जल्दबाजी और अरुण के गलत साइड से ओवरब्रिज पर बाइक चढ़ाने के कारण हुए हादसे में पूरा परिवार उजड़ गया।
अरुण के साढ़ू गांव सकुलिया में रहते हैं। भूड़ा मैनारी ओवरब्रिज के पास से दाहिनी ओर सकुलिया के लिए रास्ता जाता है। अरुण ने शादी समारोह से घर जाते समय रास्ते में साढ़ू से उनके घर आने का वादा किया था। बृहस्पतिवार को अरुण, पत्नी-बच्चों के साथ ससुराल से घर के लिए निकले।
मोहम्मदी रोड से वह हाईवे पर पहुंचे और गांव भूड़ा मैनारी के ओवरब्रिज पर बाई लेन की जगह दाईं लेन पर चले गए। इस कारण सामने से आ रही बोलेरो की टक्कर बाइक में लग गई।
हादसे के बाद मौके पर लगी भीड़ में शामिल तमाम लोग भी इस बात का उल्लेख करते रहे। लोगों ने बताया कि बोलेरो गाड़ी की रफ्तार बेहद तेज होना भी हादसे का कारण बना। बाइक और बोलेरो गाड़ी आमने-सामने होने पर चालक बोलेरो को रोक नहीं सका। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रावत ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

मान लेते ससुराल वालों की बात तो बच जाती जान
अरुण बृहस्पतिवार को घर जाने के लिए तैयार हुए तो ससुराल के लोगों ने उनको रोकने का काफी प्रयास किया और कहा कि शुक्रवार को घर के लिए निकलेंं। अरुण काम होने के कारण फिर आने की बात कहते हुए घर के लिए चले दिए और हादसा हो गया।

पिता, मां, पुत्री और भाइयों के नहीं रुक रहे आंसू
अरुण संयुक्त परिवार में रहते हैं। उनके दो छोटे भाइयों में एक करुण कुमार बाइक मैकेनिक है और एक भाई मजदूरी करते हैं। हादसे में अरुण सहित चार लोगों की मौत की खबर से परिवार के लोग बिलख उठे। जानकारी पाकर मोहल्ले के तमाम लोग अरुण के घर पहुंचे और दुखी परिजनों को सांत्वना दी। पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा भी सांत्वना देने पहुंचे।

पोस्टमॉर्टम हाउस पर परिजनों की चीत्कार से हर आंख हुई नम

शाहजहांपुर। पोस्टमाॅर्टम हाउस पर उर्मिला मौत की नींद सो चुकी चार जिंदगियों को जगा रही थीं। उसकी चीत्कार सुनकर सभी का दिल दहल गया। पोस्टमॉर्टम हाउस पर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर पति राकेश के साथ पहुंची उर्मिला वहां खड़ी पिकअप पर चढ़ गई। शांत हो चुके अपने बेटे, बहू, पौत्र और पौत्री को आवाज देते हुए बोली- उठो मेरे जिगर के टुकड़ों... मुझसे बात करो...नहीं तो हम नाराज हो जाएंगे। पत्नी की दर्दभरी आवाज सुनकर राकेश की हिम्मत टूट गई और वह जमीन पर गिर गए।
साथ में आए परिवार के लोगों ने राकेश को संभाला ही था कि उर्मिला भी बेहोश हो गईं। महिलाओं ने पानी छिड़का तो उर्मिला होश में आकर अपनी किस्मत को कोसने लगीं। वहां पर खड़े पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा ने सांत्वना दी।
इसी दौरान सिंधौली के सकुलिया गांव निवासी मृतका सीमा की बड़ी बहन धर्मदेवी पहुंची। बोलीं-परिवार वालों ने बहन-बहनोई को बहुत रोका था, लेकिन हमारे वहां से जाने के बाद वह भी चल दिए।


दादी के पास रुक गई थी प्रांशी
परिजनों ने बताया कि अरुण की बड़ी बेटी प्रांशी दादी उर्मिला के पास रुक गई थी इसलिए उसकी जान बच गई। वह कक्षा छह की पढ़ाई कर रही है। वहीं, मृतक दीक्षा कक्षा चार की पढ़ाई कर रही थी। नैतिक का अभी तीन दिन पहले ही सरकारी स्कूल में एडमिशन कराया गया था। परिजनों ने बताया कि अरुण तीन भाइयों में बड़े थे। परिवार की जिम्मेदारियों उन्हीं के कंधों पर थी। अरुण के अलावा उनके भाई अर्जुन, बहन लक्ष्मी, रेखा की शादी हो चुकी है। भाई अंकित अभी अविवाहित है।

निगोही के अरुण की पत्नी सीमा देवी का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन

निगोही के अरुण की पत्नी सीमा देवी का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन

निगोही के अरुण की पत्नी सीमा देवी का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन

निगोही के अरुण की पत्नी सीमा देवी का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन

निगोही के अरुण की पत्नी सीमा देवी का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन

निगोही के अरुण की पत्नी सीमा देवी का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन

निगोही के अरुण की पत्नी सीमा देवी का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें