मिर्जापुर में मौके का निरीक्षण करते सीओ जलालाबाद व लगी भीड़। स्रोत: जागरूक पाठक
शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव धियरपुरा स्थित जलालाबाद-शमशाबाद स्टेट हाईवे पर रविवार को बाइक सवार दंपती अपने दो बच्चों समेत बाढ़ के पानी में बह गए। हाईवे पर मौजूद लोगों ने युवक और एक बेटी को बचा लिया। महिला व उसकी चार साल की बच्ची पानी में बह गए। महिला का शव खोज लिया गया है। बच्ची की तलाश जारी है।
कासगंज जिले के थाना पटियाली क्षेत्र के चौकी गांव निवासी 35 वर्षीय पाल सिंह रक्षाबंधन पर पत्नी रोली देवी (34 वर्ष), पांच वर्षीय बेटी सोनम, चार वर्षीय बेटी काजू के साथ मिर्जापुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में अवधेश कुमार के घर स्थित ससुराल आए थे।
बाइक समेत पानी में बहे
रविवार दोपहर करीब दो बजे पाल सिंह पत्नी व बच्चों को बाइक पर बैठाकर घर जाने के लिए निकले। स्टेट हाईवे पर बाढ़ के तेज बहाव से निकलने का प्रयास किया। पानी की तेज गति के चलते उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह पत्नी-बच्चों समेत पानी में बह गए। इस बीच सड़क किनारे खड़े लोगों ने शोर मचाते हुए दौड़ लगा दी।
ग्रामीणों ने पाल सिंह व उनकी बेटी सोनम को बचा लिया, लेकिन रोली देवी व उनकी बेटी काजू बाढ़ के पानी में बह गईं। ग्रामीणों ने पानी में कूदकर काफी मशक्कत के बाद रोली देवी को बाहर निकाला। उनकी मौत हो चुकी थी। बेटी काजू का देर शाम तक सुराग नहीं लगा था।