शाहजहांपुर। निगोही की सभासद संध्या सिंह सातवें दिन भी परिजनों के साथ खिरनीबाग स्थित जीआईसी क्रीड़ा मैदान में धरने पर डटी रहीं।
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने 10 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल बनाकर जांच करने के लिए निर्देश दिए हैं। घटनास्थल की जांच करके नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी और प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने एसडीएम तिलहर को जांच रिपोर्ट सौंप दी है।
निगोही की आजाद नगर निवासी सभासद का आरोप है कि तिलहर विधायक के निजी प्रतिनिधि आशुतोष सिंह उर्फ आशू ने उनके मकान पर कब्जा कर लिया है। इस मामले में नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी और प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने घटनास्थल की जांच करके तिलहर एसडीएम अंजलि गंगवार को सौंप दी है। इसमें कहा गया है कि दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
साथ ही सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने जांच के लिए 10 सदस्यीय टीम बनाई है जो कि 20 जून को जांच करने के लिए धरनास्थल जाएगी। इसमें सांसद नीरज मौर्या, विधायक व प्रदेश महासचिव अताउर्रहमान, पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार, पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा व राजेश यादव, पूर्व एमएलसी डॉ.राजपाल कश्यप व जयेश प्रसाद, पूर्व विधायक अवधेश वर्मा, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ज्योत्सना कश्यप और जिलाध्यक्ष तनवीर खां शामिल हैं।