तिलहर नगर पालिका परिसर में सभासदों ने डलवाया कूड़ा। संवाद
तीन वार्डों में निजी खर्च से सफाई कराने के बाद उठाया कदम, सोमवार से आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
तिलहर। नगर के वार्ड 12, 25 और चार में चार दिन से सफाई नहीं होने से नाराज सभासदों ने शनिवार को तीनों वार्डों से कचरा एकत्र कर नगर पालिका परिषद कार्यालय परिसर में डलवा दिया। सभासदों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। बाद में अधिशासी अधिकारी से वार्ता और नियमित सफाई के आश्वासन के बाद कचरा हटवा दिया गया।
वार्ड 25 के सभासद सत्येंद्र सिंह ने बताया कि सफाई कर्मचारी कई दिनों से वार्डों में नहीं पहुंचे हैं। इससे गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर लग गए हैं। दुर्गंध के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। शनिवार को शिकायतें बढ़ने पर उन्होंने अपने वार्ड में निजी खर्च से सफाई कराई। वार्ड 12 के सभासद अभिषेक और वार्ड चार की सभासद संगीता ने भी अपने-अपने वार्ड में सफाई कराई।
तीनों वार्डों से निकला कचरा पालिका कार्यालय में डलवाते हुए सभासदों ने कहा कि वार्डों की गंदगी की शिकायतों पर जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो तीनों वार्डों से दोबारा कचरा एकत्र कर पालिका कार्यालय के बाहर डाला जाएगा और आंदोलन किया जाएगा।
ईओ बोले-नियमित होगी सफाई
अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि सभासदों से वार्ता हुई है। संबंधित वार्डों में नियमित सफाई कराने का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में डाला गया कचरा हटवा दिया।