सिंधौली। क्षेत्र के गांव रक्सा में सुलभ शौचालय का पीली ईंट से निर्माण किया जा रहा है। मानक के अनुसार निर्माण सामग्री भी इस्तेमाल नहीं की जा रही है। इस संबंध में ग्रामीणों ने डीएम को प्रार्थना पत्र भेजकर शौचालय निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करकेे जांच कराए जाने की मांग की है।
इन दिनों गांव रक्सा में सुलभ शौचालय का निर्माण कार्य का कार्य चल रहा है, जिसमें तमाम अनियमितताएं पाई जा रही हैं। इस संबंध में गांव वालों ने ग्राम प्रधान से शिकायत की, लेकिन कार्य में सुधार नहीं कराए जाने पर उन्होंने डीएम को प्रार्थना पत्र भेजकर निर्माणाधीन शौचालय की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की। प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि सुलभ शौचालय की नींव में पीली ईंट और दीवारों दोयम ईंट का प्रयोग किया गया है। लिंटर में निर्माण सामग्री के साथ कई प्रकार की अनियमितताएं बरती गई हैं और उसमें नहर की रेत का प्रयोग भारी मात्रा में किया गया। प्रार्थना पत्र देने वालों में केवल राम, राममूर्ति, रामसेवक, शिव शर्मा, धनीराम, गुड्डू, श्याम बिहारी, पप्पू आदि शामिल हैं। इधर, खंड विकास अधिकारी एसके पांडेय का कहना है कि सुलभ शौचालय का बुधवार को निरीक्षण किया गया है और अनियमितताओं को लेकर उच्च अधिकारियों को लिखा जाएगा। बीडीओ के अनुसार उन्हें इस बारे मेें कोई जानकारी नहीं है कि आरईएस के तकनीकी सहायक निर्माण की देखरेख कर रहे अथवा नहीं, लेकिन इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।