शाहजहांपुर। कोरोना महामारी की वजह से स्थिति भयावह होती जा रही है। मरीजों में लगातार इजाफा हो रहा है। जिले में मृतकों और संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को कोरोना ने तीन और लोगों की जान ले ली। जबकि 682 नए संक्रमित मरीज मिले। इनमें कइयों की हालत नाजुक बताई जाती है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में बने कोविड एल टू अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में भर्ती तीन कोरोना संक्रमित मरीजों की रविवार को मौत हो गई। उनकी पिछले कई दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। जांच रिपोर्ट पॉजिटव आने के बाद तीनों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सीएमएस डॉ. एयूपी सिन्हा ने बताया कि रविवार को कोराना से तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं, एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के अनुसार रविवार को जिले में 682 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। अब जिले में कोरोना से करने वालों की संख्या 153 हो गई है। वर्तमान में एक्टिव केस 3441 हैं। अब तक जिले में 11334 कोरोना संक्रमित मरीज पाये जा चुके हैं।
बीडीओ समेत 25 की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई
जैतीपुर। शनिवार को कोरोना जांच के दौरान बीडीओ और महिला सिपाही समेत 25 लोग संक्रमित पाए गए। सीएचसी प्रभारी डॉ. लईक अहमद ने बताया कि संक्रमितों में दो जैतीपुर, छह ग्राम रुद्रपुर, एक जुझारपुर, एक गौटिया अंतू, एक नगरिया, एक सुल्तानपुर, तीन मरेना, चारबैसरी, एक बझेड़ा भगवानपुर, एक गोगेपुर, एक घसा कल्याणपुर, एक डभौरा में संक्रमित मिले। खेड़ारथ स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एक अधिकारी भी संक्रमित पाए गए हैं। सभी को होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई।
तिलहर सीएचसी की स्टाफ नर्स भी संक्रमित
तिलहर। यहां तीन पुलिस कर्मी, सीएचसी स्टाफ नर्स सहित 24 लोग जांच में कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सीएचसी के डॉ अभिषेक जौहरी ने बताया कि रविवार को आरटी पीसीआर जांच में 18 और एंटीजन जांच में छह लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसमें सीएचसी की एक स्टाफ नर्स और तीन पुलिस कर्मी सहित क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोग शामिल हैं। सभी को होम क्वारंटीन किया गया है।