शाहजहांपुर। जिले में कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को कोराना ने दो और लोगों की जान ले ली। दोनों का राजकीय मेडिकल कॉलेज में बने कोविड अस्पताल के एल टू आईसोलेशन वार्ड में इलाज चल रहा था। इनमें एक मरीज के परिजन ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। हालांकि सीएमएस ने किसी तरह की लापरवाही से इंकार किया है।
सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र निवासी करीब 40 वर्षीय व्यक्ति को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था। कोविड जांच के बाद उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इससे उन्हें एल टू अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में रखा गया था। जहां इलाज के दौरान मंगलवार को मरीज की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मरीज की रात में मौत हो गई थी, लेकिन उन्हें इसकी सूचना सुबह को दी गई। मरीज की मौत इलाज में लापरवाही होने से हुई है। हालांकि कुछ देर हंगामा करने के बाद परिजन अपने घर चले गए।
उधर, रामचंद्र मिशन क्षेत्र में रहने वाले करीब 50 वर्षीय युवक को राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड एल टू अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई।
मंगलवार को जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के 143 नए मामले सामने आये हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि सक्रिय मामले 1273 हैं। अब तक 8,615 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। 139 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है।
मिर्जापुर में मंगलवार को पंचायत चुनाव के एक एआरओ सहित चार लोग कोरोना संक्रमित पाये गये। मिर्जापुर सीएचसी प्रभारी डॉ. आदेश रस्तोगी ने बताया कि जांच में पंचायत चुनाव की ड्यूटी कर रहे एआरओ / पशुधन प्रसार अधिकारी, सीएचसी कर्मचारी और ढाईगांव के दो लोग संक्रमित पाए गए हैं।
सीएमएस डॉ. एयूपी सिन्हा का कहना है कि किसी भी मरीज के इलाज में लापरवाही नहीं बरती जा रही है। मंगलवार को दो कोरोना संक्रमित दो मरीजों की मौत हुई है।