शाहजहांपुर। जिले में कोरोना का प्रकोप थम नहीं रहा है। बुधवार को दो महिलाओं की कोरोना से मौत हो गई। वहीं ब्लॉक प्रमुख और एक दरोगा समेत 110 लोग पॉजिटिव पाए गए। इससे जिले में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 4129 तक पहुंच गया है, जिसमें 1652 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और 1011 एक्टिव केस हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात ददरौल निवासी 32 वर्षीय एक महिला की कोरोना से मेडिकल कॉलेज के एल-2 कोविड अस्पताल में मौत हो गई, उसे सात सितंबर को भर्ती किया गया था। इसी तरह पुवायां क्षेत्र के गांव धर्मंगदपुर निवासी 90 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की भी रात में मौत हो गई। बुजुर्ग को छह सितंबर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। सीएमएस डॉ. एयूपी सिन्हा ने बताया कि दोनों की मौत मंगलवार की रात हुई है।
इधर, एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सहायक नोडल अधिकारी बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि बुधवार को जिले में कराई गई कोरोना टेस्टिंग में 110 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इस तरह अब तक 4129 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं, जिसमें 1652 डिस्चार्ज भी किए जा चुके हैं और वर्तमान में 1396 मरीज होम क्वारंटीन में हैं और 1011 संक्रमित कोविड अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। इधर, कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर में प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्रों में कोरोना जांच के लिए वैन खड़ी कराई जा रही है, जिसमें निशुल्क जांच होती है। यह वैन बुधवार को खिरनीबाग धर्मशाला के सामने मैदान में खड़ी हुई, जिसमें 40 लोगों ने जांच कराई। दिनभर चली जांच में छह लोग पॉजिटिव पाए गए।
तिलहर में नौ लोग मिले कोरोना पॉजिटिव
बुधवार को सीएचसी पर 78 लोगों की जांच की गई, जिसमें नगर क्षेत्र के नौ लोग पॉजिटिव पाए गए। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर कमरुज्जमा ने बताया बुधवार को सीएचसी पर 78 लोगों का परीक्षण किया गया था, जांच में मोहल्ला उम्मरपुर में तीन, मोहल्ला कुंवरगंज में तीन और मोहल्ला पक्का कटरा, मौजमपुर तथा जेरबरगद में एक-एक संक्रमित पाया गया है।
एसआई और विधायक पुत्र पॉजिटिव
निगोही निगोही थाना क्षेत्र के एसआई और ब्लॉक प्रमुख व विधायक पुत्र भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उन्होंने बुखार आने के बाद अपनी जांच सीएचसी पर कराई थी। एसआई के पॉजिटिव आने के बाद निगोही थाना सील कर दिया गया है। थाना प्रभारी गोविंद सिंह ने बताया अब थाने के सभी कर्मचारियों की जांच कराई जाएगी। विधायक के पुत्र ब्लॉक प्रमुख ने पॉजिटिव आने के बाद सभी संपर्क करने से जांच कराने की अपील की है।