शाहजहांपुर। अनलॉक 1.0 के दूसरे दिन से शहर और कस्बों में शिफ्ट के हिसाब से दुकानें खोली जा रही थीं। इससे कारोबारियों और ग्राहकों दोनों को दिक्कत हो रही थी। बाजारों में भीड़ भी जुट रही थी। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने शिफ्ट की व्यवस्था निरस्त कर अब रोस्टर के हिसाब से दुकानें दुकानें खोलने का निर्णय लिया है। अब कुछ व्यवसायों की दुकानें रोज खुलेंगी और अन्य तमाम व्यवसायों की दुकानें और शोरूम तीन-तीन दिन खोलने के आदेश दिए हैं। व्यवसाय वार दुकानें खुलने की नई व्यवस्था शनिवार से लागू होगी। सभी बाजारों मेें रविवार को साप्ताहिक बंदी होगी।
ये दुकानें प्रतिदिन खुलेंगी
इलेक्ट्रिक एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, हेयर कटिंग सैलून, ब्यूटी पार्लर, नमकीन, मछली-अंडा, खाद बीज एवं पेस्टीसाइड, कृषि उपकरण एवं मरम्मत, हाईवे के किनारे स्थित ढाबे, टेंट हाउस, बर्फ फैक्ट्री, जन सेवा केंद्र, पान मसाला तंबाकू बीड़ी सिगरेट, लांड्री शॉप, आटोमोबाइल शोरूम रोजाना सुबह दस बजे से रात 8:30 बजे तक खुलेंगे। मेडिकल स्टोर सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक खुलेंगे। फूल माला की दुकानें सुबह सात से रात 8:30 बजे तक खुली रहेंगी। मिठाई एवं दूध की दुकानें सुबह छह बजे से रात 8:30 बजे तक खुलेंगी। मंडियों में किराना की दुकानों पर थोक बिक्री सुबह पांच बजे से आठ बजे तक और खुदरा बिक्री सुबह आठ से दोपहर 12 तक होगी, लेकिन जन सामान्य के लोग सुबह दस से रात 8:30 बजे तक खरीददारी कर सकेंगे। फल सब्जी की स्थायी दुकानें सुबह छह से दस बजे तक और शाम चार से 8:30 बजे तक खुलेंगी, लेकिन फल, सब्जी, दूध आदि की होम डिलीवरी सुबह सात से रात 8:30 बजे तक जारी रहेगी।
ये दुकानें सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को खुलेंगी
इन दिवसों में गिफ्ट सेंटर, मोबाइल शॉप, हार्डवेयर, सेनेटरी, लोहे की दुकानेें, साइकिल की दुकानें, भवन निर्माण सामग्री, टायर ट्यूब रिम एवं रिपेयरिंग शॉप, कूलर, लोहे के बक्से एवं बुखारियां, कंप्यूटर हार्डवेयर एवं सॉफ्टवेयर की दुकानेें सुबह दस से रात 8:30 बजे तक खुलेंगी।
ये दुकानें मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को खुलेंगी
इन तीनों दिवसों में बुक माटऱ, स्टेशनरी, मोहर, गन हाउस, रेडीमेड वस्त्र, कपड़ा, टेलरिंग, जूते-चप्पल, चश्मा, फर्नीचर, फोटो स्टूडियो एवं फोटोग्राफी लैब आदि प्रतिष्ठान सुबह दस बजे से रात 8:30 बजे तक खुले रखने की अनुमति होगी। ज्वैलरी शॉप, बर्तन, बेकरी एवं आइसक्रीम प्रतिष्ठान, प्रिंटिंग प्रेस आफसेट फ्लैक्स, ग्लास (शीशा) की दुकानेें, बिसातखाना, कास्मेटिक और क्रॉकरी की दुकानें सुबह दस बजे से रात आठ बजे तक खुल सकेंगी।
नई व्यवस्था से व्यापारी नाखुश
बाजार खुलने की नई व्यवस्था घोषित होने के साथ व्यापारियों की खिन्नता उजागर होने लगी है। उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट के जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ के अनुसार शिफ्ट वार दुकानें खुलने से अधिसंख्य कारोबारी संतुष्ट थे, लेकिन नई व्यवस्था में तमाम ट्रेड को सिर्फ तीन दिन व्यवसाय करने का मौका मिलेगा और इससे न केवल व्यापार प्रभावित होगा, कारोबार को पटरी पर लाने का सरकार का मकसद भी पूरा नहीं होगा। उधर, दवा के थोक व्यवसाय से जुड़े वरिष्ठ व्यापारी नेता चंद्रवीर गंगू ने मेडिकल स्टोर शाम छह बजे तक खोलने की अनुमति दिए जाने पर आपत्ति करते हुए लिखित वक्तव्य में सवाल किया कि शाम छह बजे के बाद बीमारी दस्तक नहीं देगी। उन्होंने कहा कि वैसे भी दवा की दुकानों पर ज्यादा भीड़ नहीं रहती।
कोरोना संक्रमण रोकने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए बाजारों मेें दुकानें खुलने का समय बदलना जरूरी हो गया था। नगर निगम समेत जिले के सभी नगरीय निकायों के बाजारों पर भी यह व्यवस्था लागू होगी। ग्रामीण क्षेत्र की सभी दुकानें सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक खुली रहेंगी। यह व्यवस्था अनलॉक-1 की अवधि 30 जून अथवा अग्रिम आदेश तक लागू रहेगी।
-इंद्र विक्रम सिंह, जिलाधिकारी