तिलहर। दूसरे राज्यों से प्रवासी मजदूरों के आने का सिलसिला जारी है। शनिवार को मुंबई, दिल्ली, नेपाल, राजस्थान और बिहार से 233 प्रवासी मजदूर तिलहर पहुंचे। सीएचसी प्रभारी डॉ. कमरुज्जमा ने बताया कि मुंबई से आए 10 मजदूरों को संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
नगर के जीजीआईसी शेल्टर होम प्रभारी लेखपाल अंकुर चौधरी ने बताया कि शनिवार को यहां 13 प्रवासी मजदूर पहुंचे, जिनमें हॉटस्पॉट मुंबई के पांच प्रवासी शामिल हैं। बताया कि सभी प्रवासी मजदूरों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई जांच में सभी ठीक पाए गए। उन्हें भोजन और राशन किट देने के बाद होम क्वारंटीन करा दिया गया है। वहीं, सीएचसी प्रभारी ने बताया कि शनिवार को यहां पर मुंबई, दिल्ली, राजस्थान, नेपाल और बिहार से 220 प्रवासी मजदूर पहुंचे। सभी मजदूरों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इनमें मुंबई से आए 10 प्रवासी मजदूरों को संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। बताया कि मुंबई से आने वाले मजदूरों की विशेष निगरानी की जा रही है। मुंबई से आए 30 मजदूरों की जांच पहले ही जिला मुख्यालय जा चुकी है। इसकी रिपोर्ट कल तक आने की संभावना है। मुंबई के कुल 40 मजदूरों की रिपोर्ट भेजी जा चुकी है।