निगोही। लोहरगवां में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बावजूद स्थानीय प्रशासन लापरवाही बरत रहा है। गांव में तैनात किए गए पुलिसकर्मी नदारद हैं, जिसके चलते कंटेन्मेंट जोन घोषित होने के बावजूद लोग बेरोकटोक एक दूसरे के घर आ जा रहे हैं और गांव में जगह-जगह जमघट लगाए हुए हैं। ऐसे में यह लापरवाही मुसीबत का सबब बन सकती है।
बता दें कि शुक्रवार को निगोही के गांव लोहरगवां में मुंबई से लौटा हेयर ड्रेसर कोराना पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद लोहरगवां और उसके एक किलोमीटर के दायरे को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया था। मगर गांव वालों का कहना है कि कोरोना पॉजिटिव मिलने के बावजूद उनके पूरे गांव को अब तक सैनिटाइज नहीं कराया गया है। सिर्फ कोरोना पॉजिटिव के मकान से लेकर ईंटगांव रजवाहा तक एक ही गली को सैनिटाइज किया गया है। आवागमन रोकने के लिए की गई बैरिकेडिंग शनिवार को सिर्फ दिखावा मात्र नजर आई। कोई रोकटोक न होने से लोग बेखौफ होकर एक दूसरे के घर आते जाते और जगह-जगह जमघट लगाए मिले। सिर्फ कोरोना पॉजिटिव की गली के पास दो पुलिसकर्मी बैठे मिले, बाकी कहीं कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आया।
मुंबई से साथ आए भाई की भी जांच नहीं
कोरोना पॉजिटिव के पूरे परिवार को होम क्वारंटीन किया गया है। मगर इनमें से किसी का सैंपल नहीं लिया गया है। सीएचसी प्रभारी डॉ. नितिन चौधरी का कहना है कि उसके परिवार के किसी सदस्य में लक्षण नहीं मिले हैं इसलिए सैंपल नहीं लिया गया है। प्रधान हुसैनबानो के पति यासीन अली का कहना है कि गांव में घर-घर स्क्रीनिंग की जानी चाहिए थी लेकिन किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। हेयर ड्रेसर का भाई मुंबई से ही साथ आया था लेकिन उसका सैंपल तक नहीं लिया गया। यह लापरवाही अन्य गांव वालों के लिए मुसीबत बन सकती है।
कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद निगोही सीएचसी पर 471 लोगों और तालगांव में 19 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। इसके अलावा लोहरगवां कोरोना पॉजिटिव के घर के पांच लोगों की स्क्रीनिंग की गई है।
- डॉ. नितिन चौधरी, सीएचसी प्रभारी, निगोही
सामाजिक दूरी को दरकिनार कर निगोही में उमड़ी भीड़
पुलिस की लापरवाही के कारण सामाजिक दूरी को दरकिनार कर कस्बे में भी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर खाद्यान्न लेने वालों की जमकर भीड़ उमड़ी। छूट मिलने के बाद से ही यहां दुकानदार मनमाने तरीके से दुकान खोल रहे हैं। इस क्षेत्र के ग्रामीण अंचल के बाजारों में भी भीड़-भाड़ रहती है। सर्राफा, कपड़ा, बर्तन, रेडीमेड समेत तमाम व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जमघट लगा रहता है।