शाहजहांपुर। कोरोना वायरस के संदिग्ध दस लोगों को क्वारंटीन किए जाने के बाद उनकी जांच रिपोर्ट मंगलवार को निगेटिव आई। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद उन्हें घर में ही क्वारंटीन रहने की सलाह देकर भेज दिया गया। वहीं, झांसी और रोजा के एक-एक युवक का सैंपल मंगलवार को जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है।
नेशनल हाईवे पर रविवार को प्रवासी मजदूरों की उमड़ी भीड़ के बीच जब लोगों का चेकअप किया गया था, तो सेहरामऊ दक्षिणी, रोजा के कुछ लोगों का स्वास्थ्य ठीक नहीं पाया गया। खांसी-जुकाम, बुखार के लक्षण दिखाई देने पर स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें अपनी निगरानी में ले लिया था। सभी को जिला अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया और सैंपल लेकर सोमवार को लखनऊ भेज दिया गया था। मंगलवार को इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्हें साधारण खांसी-जुकाम, बुखार की बात सामने आई। सभी के कोरोना निगेटिव पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। वहीं, सोमवार देर शाम और मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में आइसोलेट किए गए झांसी व रोजा के युवकों का सैंपल लेकर लखनऊ भेज दिया गया है। इन दोनों की स्थिति भी जांच रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
क्वारंटीन किए गए दस लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। दो अन्य लोगों का सैंपल लेकर लखनऊ भेजा गया है। उनकी रिपोर्ट बुधवार को आने की संभावना है। सबसे अच्छी बात यह है कि अपने यहां कोरोना संक्रमित अभी तक कोई नहीं मिला। लिहाजा सभी लोग लॉकडाउन का पालन करते हुए घरों में रहें ताकि कोरोना से लड़ा जा सके।
डॉ. राजीव कुमार गुप्ता, सीएमओ
इनपुट
अब तक भेजे सैंपल : 19
प्राप्त निगेटिव रिपोर्ट : 17
प्रतीक्षारत रिपोर्ट : 02
क्वारंटीन लोग : 5,878