जैतीपुर। विकास खंड कार्यालय में सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित छह कोरोना संक्रमित मिले। शनिवार को नामांकन के दौरान ब्लॉक में भारी भीड़ रही। रविवार को सहायक निर्वाचन अधिकारी की कोरोना जांच की गई जिसमें वह पॉजिटिव निकले। खंड विकास अधिकारी डॉ. विजय प्रताप यादव ने तत्काल ही एआरओ द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे कमरे को सील करा दिया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. लइक अहमद ने बताया कि कस्बे के बैंक ऑफ बड़ौदा का एक कर्मचारी, मुरैना के दो, गढ़ियारंगीन का एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। सभी को होम आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया है।
बीमार होने के बाद भी ड्यूटी पर डटे रहे बीडीओ
शनिवार को नामांकन के बाद फीडिंग के लिए रात को बीडीओ डॉ. विजय प्रताप यादव ब्लॉक में ही आरओ के साथ मौजूद रहे। रात करीब डेढ़ बजे बीडीओ को उल्टियां शुरू हो गईं। लगातार कई बार उल्टियां होने पर जैतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल टीम ने आकर चेकअप किया। कोरोना जांच की गई। ड्रिप लगने के बाद हालात सामान्य हुई। दूसरे दिन चिकित्सकों की देखरेख में ऑफिस में काम करते रहे। बीडीओ ने बताया कि निर्वाचन की जिम्मेदारी निभाना उनका प्रथम कर्तव्य है। चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि असमय भोजन से एसिडिटी की समस्या हो जाती है।
साप्ताहिक बंदी का असर दिखा
साप्ताहिक लॉकडाउन का असर क्षेत्र की बाजारों में देखा गया। जैतीपुर, खेड़ा बझेड़ा, गढ़िया रंगीन, नवादा मोड़ की बाजार बंद रही। केवल नामांकन कराने वाले प्रत्याशी ही ब्लॉक मुख्यालय तक आते-जाते नजर आए। वहीं किसानों ने खेतों पर रोजाना की तरह कार्य किया।