शाहजहांपुर। कोरोना से मृतकों की संख्या रोजाना बढ़ती जा रही हैं। बृहस्पतिवार रात कोरोना से एक एएनएम की मौत हो गई। वह निगोही के सीएचसी पर तैनात थीं। नौ सितंबर को उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वहीं, शुक्रवार को जिले भर में चली कोरोना जांच में 109 लोग पॉजिटिव पाए गए। इस तरह अब तक जिले में संक्रमितों की कुल 4344 हो गई है।
जानकारी के अनुसार निगोही सीएचसी पर तैनात 45 वर्षीय एएनएम जांच के बाद नौ सितंबर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराई गई थीं। इससे पहले छह सितंबर को उनकी तबीयत कुछ खराब हो गई थी, इसलिए सात सितंबर को उन्होंने कोरोना जांच कराई थी, जिसमें वह पॉजिटिव पाई गईं। बुधवार-बृहस्पतिवार रात उनका कोविड एल-2 अस्पताल में निधन हो गया। उधर, एकीकृत कोविड एंड कमांड कंट्रोल सेंटर के सहायक नोडल अधिकारी बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले में विभिन्न स्थानों पर कराई गई जांच में 109 लोग पॉजिटिव पाए गए। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4344 हो गई है, जिसमें 1688 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है और 1453 लोग होमक्वारंटीन कर रहे हैं। वर्तमान में 1138 लोगों का उपचार चल रहा है।
कोरोना पॉजिटिव मिलने से खुदागंज पीएचसी दूसरी बार सीज
खुदागंज। खुदागंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बृहस्पतिवार को एक स्टाफ नर्स के पॉजिटिव पाए जाने से पीएचसी को 24 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मोहम्मद शजर ने संक्रमण के फैलाव को देखते हुए दिन में अस्पताल परिसर को सैनेटाइज कराया है और 24 घंटे के लिए स्वास्थ्य केंद्र को सील कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से बीमार लोगों के लिए इमरजेंसी सुविधा जारी रखी गयी है। उन्होंने बताया कि समस्त स्वास्थ्य संबंधी सरकारी कार्य खुले मैदान में सुचारु रूप से जारी रहेंगे, जिससे जनता को समस्या का सामना न करना पड़े। संवाद