फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना से महिला सपा नेता समेत तीन की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। जिले में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को सपा नेत्री समेत तीन लोगों की कोरोना से मौत हो गई, जबकि जांच अभियान में 94 लोग पॉजिटिव भी पाए गए। अब कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है। कोरोना जांच में जलालाबाद के सपा विधायक भी पॉजिटिव आ गए हैं।
विज्ञापन

शहर के मोहल्ला तिराही में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वह होम क्वारंटीन थे। तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। सीएमएस डॉ. एयूपी सिन्हा ने बताया कि आईसीयू में ले जाते समय परिवार वाले उसे गाड़ी से घर लेकर चले गए। इसी बीच उनकी मौत भी हो गई। रात को मृतक के घर पुलिस भी पहुंची, लेकिन परिवार वालों ने सुबह एंबुलेंस लाने की बात कहकर शव नहीं दिया। सुबह एंबुलेंस से शव को गर्रा मोक्षधाम लाया गया, जहां परिवार वालों ने अंतिम संस्कार किया। इसी तरह रोजा क्षेत्र के गांव वसुलिया निवासी 55 वर्षीय एक व्यक्ति की कोरोना से दोपहर करीब साढ़े बारह बजे मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। वह कई दिनों से एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती था। मृतक का अंतिम संस्कार बुधवार को कराया जाएगा।
इधर, आवास विकास निवासी राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य का बरेली में कोरोना से निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार खन्नौत मोक्षधाम पर शाम करीब पांच बजे किया गया। सपा के जिला महामंत्री रणंजय सिंह यादव ने बताया कि उनकी मौसी राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य कई दिनों से बीमार चल रही थीं। बुखार के उन्हें बरेेली के एक अस्पताल में 25 अगस्त को भर्ती कराया गया था। इसी दौरान उनकी कोरोना जांच भी कराई गई, जो पॉजिटिव आई। बताया कि उनकी तबीयत बिगड़ने पर 30 अगस्त से वह लगातार वेंटिलेटर पर थीं। मंगलवार सुबह लगभग पांच बजे निधन हो गया। बरेली से उनका शव सीधे खन्नौत मोक्षधाम पर पहुंचाकर अंतिम संस्कार किया गया।
विज्ञापन

इधर, एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सहायक नोडल अधिकारी बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को जिले 84 पॉजिटिव पाए गए और 10 पॉजिटिव सोमवार रात के हैं। कोरोना से अब तक संक्रमितों की संख्या 4019 हो गई हैं, जिसमें 1539 डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और 1385 होम क्वारंटीन पर हैं। वर्तमान में 1127 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
अल्हागंज। कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हुई कोरोना जांच में जलालाबाद क्षेत्र के सपा विधायक पॉजिटिव पाए गए हैं। क्षेत्र में अब तक कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या करीब 50 तक पहुंच गई है।
ये कैसा कंटेन्मेंट जोन:
डॉक्टर घरों में प्रैक्टिस करते रहे, दुकानें भी खोली गईं
अस्पताल रोड पर जमकर उड़ीं शासन के आदेशों की धज्जियां
तिलहर। अस्पताल रोड स्थित कंटेनमेंट जोन में मंगलवार को सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ती रही। इस दौरान जहां प्राइवेट और सरकारी डॉक्टर अपने आवास पर मरीजों को देखते रहे वहीं कुछ मेडिकल स्टोर भी चोरी छुपे खुलते और बंद होते रहे। इस दौरान सील किए गए एरिया में लोगों की आवाजाही जारी रही। जोन में खुली एक दुकान में ड्यूटी पर मौजूद होमगार्ड खुली दुकान की रखवाली करता नजर आया।
बता दें कि रविवार को सीएचसी पर हुई जांच में अस्पताल के सामने रह रहे दंपती कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिस कारण सोमवार को अस्पताल रोड का एरिया सील कर लगभग डेढ़ दर्जन मेडिकल स्टोर और तमाम दुकानों को बंद करा दिया गया। सोमवार को इसी परिवार में दो और लोग पॉजिटिव पाए गए। मंगलवार को सुबह से ही कोरोना पॉजिटिव पाए गए दंपती के मकान के पास नगर के एक नामचीन डॉक्टर घर पर सुबह से ही मरीजों को देखते नजर आए। वहीं, इसी मार्ग पर एक अन्य चिकित्सक भी प्रैक्टिस करते रहे। यही नहीं अस्पताल के सरकारी डॉक्टर भी अपने आवास पर मरीजों को देखते रहे, जिसके कारण मरीज दवाई का पर्चा लेकर भटकने लगे। कुछ मेडिकल स्टोर स्वामी सील किए गए क्षेत्र में अपनी दुकानों के आगे बैठ गए और मरीज का पर्चा लेकर दुकान खोलकर दवाई देने लगे, जिसको लेकर अन्य मेडिकल स्टोर वालों ने विरोध किया। मामले की एसडीएम और कोतवाल से शिकायत की गई, लेकिन दोनों अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया। कंटेनमेंट जोन में सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ती रहीं। कोतवाल जसवीर सिंह कहना है कि यदि कोई डॉक्टर प्रैक्टिस कर रहा है और मेडिकल स्टोर खुल रहे रहे हैं, तो इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से की जानी चाहिए। वहीं, एसडीएम वेद सिंह चौहान ने बताया कि कंटेन्मेंट जोन में किसी भी तरह की दुकान नहीं खोली जा सकती, यदि खुलती है तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एरिया सील किए जाने में पक्षपात का आरोप
अस्पताल रोड को सील किए जाने को लेकर कुछ लोगों ने नगर पालिका पर पक्षपात का आरोप लगाया, जिसको लेकर नगर पालिका ईओ सर्वेश कुशवाहा मंगलवार को हॉटस्पॉट एरिया पहुंचे और कोरोना पॉजिटिव परिवार में अन्य चार लोगों के पॉजिटिव आने पर लोगों ने दोनों साइडों में 200 मीटर एरिया सील करने की मांग की। सड़क के पश्चिम दिशा में एरिया कम सील होने पर लोगों ने इसे आगे बढ़ाने की मांग की जिस पर ईओ ने बुधवार को मानक के अनुसार एरिया बढ़ाए जाने का आश्वासन दिया।
तिलहर नगर पालिका के पांच कर्मियों समेत 13 पॉजिटिव
तिलहर। सीएचसी पर मंगलवार को 113 लोगों की जांच की गई, जिसमें 13 लोग संक्रमित पाए गए हैं। सीएससी प्रभारी डॉ. कमरुज्जमा ने बताया कि नगरपालिका के पांच कर्मचारियों समेत मोहल्ला उम्मरपुर और पक्का कटरा में दो- दो, नितगंजा में एक, कुदकापुर में एक और पोटरगंज स्थित बृज टॉवर निवासी बैंक ऑफ बड़ौदा का एक कर्मचारी संक्रमित पाया गया। नगर पालिका में अब तक 18 कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं, जिससे अन्य कर्मचारियों में दहशत व्याप्त है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें