शाहजहांपुर। कोरोना जांच का दायरा बढ़ने से संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को 61 लोग पॉजिटिव पाए गए। इसके अलावा शहर के मोहल्ला खलीलशर्की निवासी महिला की लखनऊ में कोरोना से मौत हो गई। अब मृतकों संख्या 35 जबकि पॉजिटिव 2644 तक पहुंच चुकी है। इसमें 1148 मरीज डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। 769 लोग होम क्वारंटीन हैं। वर्तमान में 702 मरीज एक्टिव हैं।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला खलीलशर्की निवासी बस सर्विस सेंटर का काम करने वाले एक व्यक्ति की पत्नी शनिवार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराई गई थीं, घरवाले तबीयत खराब होने के कारण लखनऊ के लिए रेफर करा ले गए थे। लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वह करीब 55 साल की थीं। इधर, एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सहायक नोडल अधिकारी बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि सोमवार को 58 लोग पॉजिटिव आए हैं, जबकि तीन लोग रविवार देर रात के संक्रमित हैं। वहीं, निगोही क्षेत्र के गांव ढकिया तिवारी में तीन सगी बहनें कोरोना पॉजिटिव मिली हैं।
तिलहर : नौ लोग कोरोना पॉजिटिव मिले
तिलहर। सोमवार को सीएचसी पर हुई रैपिड जांच में पति ,पत्नी, बेटी और पिता, पुत्र सहित नौ लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें चार पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. कमरुज्जमा ने बताया कि सोमवार को सीएचसी पर 150 लोगों की कोरोना जांच की गई, जिसमें नगर के मोहल्ला कुवरगंज में पति, पत्नी और बेटी, मोहल्ला मौजमपुर में पति ,पत्नी और बेटी सहित पिता-पुत्र तथा नगर के मोहल्ला मीरगंज में एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।