शाहजहांपुर। कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को दो लोगों की कोरोना से मौत हो गई, वहीं ददरौल के विधायक समेत 71 लोग पॉजिटिव भी पाए गए। जिले में अब तक कोरोना से 29 लोगों की मौत हो चुकी है और 765 लोग ठीक होकर जा चुके हैं। । इसी बीच डीएम और एसपी ने जवाहर नवोदय विद्यालय में स्थापित कोविड अस्पताल एल-1 का निरीक्षण कर संक्रमितों से व्यवस्था संबंधी जानकारी ली और उन्हें धैर्य के साथ महामारी का मुकाबला करने के लिए प्रेरित किया।
मंगलवार को शहर के मोहल्ला सदर बाजार निवासी 45 वर्षीय महिला की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। सीएमएस डॉ. एयूपी सिन्हा ने बताया कि महिला को 15 अगस्त को एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार रात करीब साढ़े बारह बजे उसकी मौत हो गई। दिन में उसका अंतिम संस्कार शासन की गाइड लाइन के अनुसार खन्नौत मोक्षधाम पर करा दिया गया। इसके अलावा थाना कटरा के रिटायर्ड हेड मोहर्रिर की लखनऊ पीजीआई में मृत्यु हो गई। वह रिटायर होने के बाद अधिकारियों के आग्रह पर थाने का कार्य भी देख रहे थे। दो दिन पहले ही उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। तबियत बिगड़ने पर घरवाले उन्हें पीजीआई ले गए थे, जहां उनका निधन हो गया। इस तरह अब कोरोना से मरने वालों की संख्या 29 तक पहुंच चुकी है।
एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सहायक नोडल अधिकारी/बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को 47 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं,जबकि सोमवार देर रात 24 लोग और संक्रमित मिले थे, इस कारण यह संख्या बढ़कर 71 हो गई। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2233 हो चुकी है। इधर, ददरौल क्षेत्र के विधायक भी मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव हो गए। उनके पुत्र ने बताया कि तीन-चार दिन पहले निजी सचिव संक्रमित हो चुके हैं, जिस कारण मंगलवार को रैपिड टेस्ट किट से परिवार के सभी सदस्यों और स्टाफ की जांच कराई गई थी, जिसमें अन्य सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल विधायक शहर स्थित अपने आवास पर होम क्वारंटीन हैं।
वहीं, डीएम इंद्र विक्रम सिंह और एसपी एस आनंद ने जवाहर नवोदय विद्यालय में स्थापित कोविड एल-1 अस्पताल का निरीक्षण किया और वहां भर्ती संक्रमितों से बातचीत कर खानपान और इलाज संबंधी जानकारी ली। डीएम ने अस्पताल में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा मरीजों को गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।