शाहजहांपुर। जिले में बृहस्पतिवार को 110 संक्रमित मिले। अब कुल संक्रमितों की संख्या 1456 हो गई है। इन 110 संक्रमितों में 66 लोगों की जांच रिपोर्ट बुधवार देर रात आई थी। 44 लोगों की जांच रिपोर्ट बृहस्पतिवार को पॉजिटिव आई। इनके अलावा चार लोगों की कोरोना से मौत हो गई। जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 15 हो गई है। जबकि 549 लोग कोविड अस्पतालों से डिस्चार्ज भी किए जा चुके हैं।
नए संक्रमितों में जिला पंचायत अध्यक्ष के पिता (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) भी बृहस्पतिवार को संक्रमित हो गए जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। उनके पिता को शहर स्थित आवास पर क्वारंटीन किया गया है। इनके अलावा जलालाबाद नगर पालिका के ईओ भी संक्रमित हो गए हैं। इनसे पहले वहां के चेयरमैन भी पॉजिटिव हो चुके हैं। कटरा में दो पुलिसकर्मी, कलान में 16 लोग और निगोही में नौ लोग संक्रमित हुए हैं। इसी तरह तिलहर में एक पुलिसकर्मी समेत कुल छह लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
बुधवार रात और बृहस्पतिवार को मिलाकर जिले में कुल 110 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जबकि 549 पॉजिटिव कोविड अस्पतालों से डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।
राकेश कुमार, सहायक नोडल अधिकारी, एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर
कृभको कैंटीन तीन दिनों के लिए बंद
कांट। कस्बा के समीप स्थित कृभको फर्टिलाइजर पिपरोला में भी कोरोना का कहर जारी है। कई अधिकारियों और कर्मचारियों के संक्रमित होने के बाद बृहस्पतिवार को फैक्टरी कैंटीन के कर्मचारी संक्रमित हो गए, जिस कारण प्रबंधन ने कैंटीन को तीन दिन के लिए सील कर दिया। कैंटीन बंद हो जाने के कारण अब कर्मचारियों और अधिकारियों के सामने खाने की समस्या खड़ी हो गई है।
जलालाबाद की नगर पालिका 24 घंटे के लिए सील
जलालाबाद। चेयरमैन के बाद नगर पालिका के ईओ भी कोरोना पॉजिटिव निकल आए हैं। बृहस्पतिवार को रिपोर्ट आने के बाद नगर पालिका ऑफिस को चौबीस घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। चिकित्साधीक्षक डॉ. ओमेंद्र ने बताया कि सीएचसी में 118 लोगों के सैैपल जांच के लिए भेजे गए हैं जबकि 50 लोगों की किट से जांच की गई, जिनमें ईओ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बता दें कि तीन दिन पहले चेयरमैन के अलावा नगर पालिका के माली की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ चुकी है।
कलान में 16 लोग हुए संक्रमित
कलान। बृहस्पतिवार को कलान में 16 लोग कोरोना पॉजिटव पाए गए हैं। कस्बा में 85 लोगों की जांच की गई थी, जिसमें पूर्व ब्लाक प्रमुख के परिवार के नौ सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं पॉजिटिव सदस्यों के यहां खाना बनाने वाले एवं बर्तन साफ करने वाले कर्मचारी भी पॉजिटिव पाए गए हैं । लैब टेक्नीशियन सुनील कुमार ने बताया उनके पास सिर्फ एक पीपीई किट बची है, जिसको पहनकर वह शुक्रवार को टेस्ट करेंगे।
एक पुलिस कर्मी सहित छह लोग पॉजिटिव
तिलहर। संक्रमित पाए जा चुके सीएचसी के एक डॉक्टर की रिश्तेदारी में पांच लोग और एक पुलिसकर्मी सहित छह लोगों के संक्रमित होने की जानकारी मिली है। वहीं, दो सरकारी डॉक्टरों और एक प्राइवेट डॉक्टर के पॉजिटिव निकलने पर अस्पताल मार्ग को सील कर दिया गया है, जिसके कारण लगभग डेढ़ दर्जन मेडिकल दुकानें तथा अन्य प्रतिष्ठान बंद हो गए हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. कमरुज्जमा ने बताया कि गुरुवार को सीएचसी पर 85 लोगों की रैपिड किट से जांच की गई, जिसमें डभौरा गांव के परिवार के पांच लोग और एक पुलिसकर्मी सहित छह लोग संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें कोविड एल-वन सेंटर भेज दिया गया है।