शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला खलील शर्की से पकड़े गए तब्लीगी जमाती एवं थाईलैंड के नागरिक की कोरोना वायरस रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद थाना सदर बाजार पुलिस बरेली से उसे यहां ले आई है। फिलहाल उसे मोहल्ला अजीजगंज स्थित शेल्टर होम में पुलिस निगरानी में रखा गया है। उसके खिलाफ दर्ज मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, क्वारंटीन अवधि पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी। उसके पासपोर्ट और वीजा संबंधी सारी जानकारी विदेश मंत्रालय को भेज दी गई है।
बता दें कि दो अप्रैल को थाना सदर बाजार के एसएसआई अमित सिंह ने पुलिस बल के साथ मोहल्ला खली शर्की से दो तमिलनाडु, एक स्थानीय व्यक्ति समेत थाईलैंड निवासी नौ नागरिकों को पकड़ा था। सभी विदेशी नागरिक दिल्ली की निजाम्द्दीन की तब्लीगी जमात से लौटे थे। इन सभी को मोहल्ला अजीजगंज स्थित शेल्टर होम में क्वारंटीन किया गया था। सभी के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए थे। इसमें थाईलैंड निवासी एक व्यक्ति की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर हड़कंप मच गया था। 11 अप्रैल को थाईलैंड के इस कोरोना पॉजिटिव को बरेली भेज दिया गया। 19 अप्रैल को थाईलैंड के इस नागरिक की दोनों रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद मामले की विवेचना कर रहे शाहबाजनगर चौकी प्रभारी गुड्डू सिंह सोमवार को उसे बरेली से यहां ले आए और अजीजगंज स्थित शेल्टर होम में 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया। शेल्टर होम में पुलिस निगरानी कर रही है।
थाईलैंड का जमाती पुलिस निगरानी में 14 दिन के लिए शेल्टर होम में क्वारंटीन किया गया है। उसकी सारी रिपोर्ट विदेश मंत्रालय को भेज दी गई है। क्वारंटीन अवधि पूरी होने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. एस. चन्नप्पा, एसपी