शाहजहांपुर। निजामुद्दीन मरकज के पास से लौट खुदागंज क्षेत्र के युवक और तिलहर में जमाती के रिश्तेदारों को क्वारंटीन किया गया है। खुदागंज का युवक बुधवार रात ही गांव लौटा था। मामले की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी तो उसे हिरासत में लेकर जांच के लिए भेजा गया। इसके बाद उसे 14 दिन क्वारंटीन में रखा गया है। वहीं तिलहर का एक युवक दिल्ली में बहनोई के यहां रहता है। वह निजामुद्दीन मरकज में शामिल होने के बाद बहन-बहनोई के साथ तिलहर आया था। यहां उर्स में भी शामिल हुआ। जमातियों पर नजर रख रही दिल्ली सरकार को उसकी लोकेशन तिलहर मिलने पर सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई। जिस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके घर पहुंची और परिवार की पांच महिलाओं समेत दो बच्चों को जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इन सभी को भी डॉक्टरों ने क्वारंटीन किया है।
तिलहर। कस्बे का एक युवक दिल्ली में अपने बहन बहनोई के साथ रहता था। वह दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शामिल हुआ था। उसकी और बहन-बहनोई की लोकेशन तिलहर में ट्रेस होने पर उनकी तलाश की गई। पता चला कि मरकज में शामिल होने के बाद यह लोग तिलहर में एक उर्स में शरीक होने आए थे। तीन दिन तिलहर में रुकने के बाद यह लोग वापस दिल्ली चले गए।
चूंकि मरकज में शामिल होने वाले लोगों की पहचान शासन स्तर से की जा रही है। जब यह लोकेशन ट्रेस हुई तब तिलहर पुलिस को इसकी सूचना दी गई। बृहस्पतिवार को कोतवाल सुनील अहलावत ने सीएचसी प्रभारी डॉ. कमरुज्जमा से संपर्क करते हुए कुछ लोगों को जांच के लिए जिला अस्पताल भेजने की सलाह दी। डॉ. कमरुज्जमा ने जिला अस्पताल संपर्क करके एंबुलेंस भेजने को कहा, लेकिन वहां से एंबुलेंस न आने पर तिलहर सीएचसी पर खड़ी दो एंबुलेंस की मदद से परिवार की पांच महिलाओं और दो बच्चों को जांच और क्वारंटीन के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
मोहल्ले में जैसे ही दोनों एंबुलेंस पहुंची अफरातफरी मच गई। मस्जिद के आसपास तमाम लोग एकत्र हो गए, लोगों ने इसे किसी की साजिश बताते हुए गहरी नाराजगी जताई।
एक मोहल्ले का लड़का दिल्ली में अपने बहन बहनोई के पास रहकर काम करता है। उसकी लोकेशन सर्विसलांस के जरिये निजामुद्दीन क्षेत्र में पाई गई। उसके बाद वही युवक अपनी बहन बहनोई के साथ यहां लॉकडाउन से पहले उर्स में शामिल होने आया था। उर्स के समापन के बाद यह लोग वापस दिल्ली चले गए। ऊपर से मिली सूचना के आधार पर परिवार के लोगों को कोरोना संक्रमण जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। - सुनील अहलावत कोतवाल तिलहर।
तिलहर के एक मोहल्ले के युवक की लोकेशन दिल्ली में मरकज में ठहरे जमातियों के यहां जाने की पाई गई थी। वह युवक दिल्ली में अपने बहन बहनोई के पास रहता है। यहां हुए उर्स में यह लोग शामिल हुए थे। इसी आधार पर परिवार की महिलाओं और बच्चों को कोरोना संक्रमण की जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। जांच आने तक उन्हें वहां क्वारंटीन किया जाएगा। - डॉ. कमरुज्जमा, सीएचसी प्रभारी तिलहर।
निजामुद्दीन दिल्ली से लौटे युवक को जिला अस्पताल भेजा
खुदागंज। दिल्ली निजामुद्दीन से लौट ग्रामीण को थानाध्यक्ष ने हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में परीक्षण के लिए भेज दिया। जिसे अब 14 दिन तक क्वारंटाइन में रहना होगा। खुदागंज क्षेत्र के गांव रामपुर नवदिया निवासी युवक 20 मार्च को अपने गांव से दिल्ली गया था और दिल्ली में निजामुद्दीन क्षेत्र में कई सप्ताह ठहरा भी था। बुधवार को वह दिल्ली से अपनी गाड़ी से वापस घर रामपुर नवदिया पहुंचा। मोहल्ले वालों की सूचना पर थानाध्यक्ष वकार अहमद खां निजामुद्दीन से लौटे युवक को हिरासत में लेकर खुदागंज अस्पताल पहुंचे। जहां एमओआईसी डॉ. मोहम्मद शजर ने युवक को डाक्टरों और पुलिस की अभिरक्षा में जिला अस्पताल में कोरोना परीक्षण के लिए भेज दिया। परीक्षण के बाद युवक को 14 दिन क्वांरटीन किया गया है।