जिला सहकारी बैंक में सहकारिता सप्ताह के तहत अधिकारियों-कर्मचारियों को शपथ दिलाते डीसीबी अध्यक्
शाहजहांपुर। देशव्यापी सहकारिता सप्ताह-2026 के उपलक्ष्य में जिला सहकारी बैंक के अटल सभागार में सोमवार को बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने अधिकारियों, कर्मचारियों और प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) के प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई। यह शपथ सहकारिता के सिद्धांतों के पालन और ईमानदारी के लिए थी।
डीपीएस राठौर ने कहा कि सहकारिता केवल एक बैंकिंग व्यवस्था नहीं है। यह समाज के अंतिम व्यक्ति के आर्थिक व सामाजिक उत्थान का सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘सहकार से समृद्धि’ संकल्प को साकार करने का आह्वान किया। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने एकता, समानता और आपसी सहयोग के सिद्धांतों के प्रति निष्ठावान रहने का प्रण लिया।
सहायक आयुक्त सहकारिता गणेश गुप्ता ने बताया कि सहकारिता सप्ताह 29 जून से 6 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान किसानों से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला सहकारी बैंक सौरभ द्विवेदी ने कहा कि एक जुलाई को विशेष सदस्यता अभियान चलेगा। एडीसीओ बैंकिंग हरिकेश परमार ने कार्यक्रम का संचालन किया। संवाद